सोमवार, 16 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है… केशव प्रसाद मौर्य बोले- क्या अखिलेश कार सेवा करेंगे?​ | बडी खबरः पेट्रोल-डीजल पर बुरी खबर, नहीं होगा सस्ता-जानें पूरी खबर​ | UGC कभी अस्तित्व में न था और न ही कभी आएगा… उन्नाव में बोले बृजभूषण शरण सिंह​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Viral

कानपुर संभव खंडेलवाल डेथ मिस्ट्री… 70 फीट से गिरने पर गई थी जान, फीमेल दोस्त के आखिरी मैसेज ‘Don’t Come’ पर सवाल​

Sambhav Khandelwal Death Case: कानपुर के बिठूर स्थित रुद्राग्रीन अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर हुई संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में अब एक नया वीडियो सामने आया है. CCTV कैमरे में कैद इस फुटेज में संभव ऊंचाई से नीचे गिरते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को प्रथम […]

Sambhav Khandelwal Death Case: कानपुर के बिठूर स्थित रुद्राग्रीन अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर हुई संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में अब एक नया वीडियो सामने आया है. CCTV कैमरे में कैद इस फुटेज में संभव ऊंचाई से नीचे गिरते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हादसे का लग रहा है. हालांकि, मृतक के परिजन अभी भी घटना को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

संभव, कौशलपुरी निवासी कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था. शनिवार को वह बिठूर के रुद्राग्रीन अपार्टमेंट स्थित एक परिचित युवती के फ्लैट पर गया था. बताया जा रहा है कि युवती अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वहां रहती है. पुलिस ने युवती, उसकी मां और परिवार के अन्य लोगों से अलगअलग पूछताछ की है. उनके बयानों के मुताबिक, संभव के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था और उसकी मौत दुर्घटनावश हुई.

70 फीट नीचे गिरने से पसलियों में आई गंभीर चोटें

इस मामले में पोस्टमार्टम की जानकारी भी सामने आई है. डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का परीक्षण किया. जांच में शरीर पर करीब 10 से 12 जगह चोट के निशान मिले. सिर पर ऐसी कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई, जिससे खोपड़ी फटने जैसी स्थिति बनी हो. हालांकि, ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी कई पसलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं. पसलियों में लगी चोटों से हृदय और लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा.

इन अंगों में चोट के कारण भारी आंतरिक रक्तस्राव हुआ, जिसे मौत की प्रमुख वजह माना जा रहा है. दूसरी तरफ, संभव के चाचा ने मोबाइल फोन से जुड़े कुछ पहलुओं पर संदेह जताया है. उनका कहना है कि संभव और युवती के बीच हुई कुछ निजी बातचीत तथा तस्वीरें मोबाइल से हटाई गई थीं. Snapchat पर मिले संदेशों को लेकर भी परिवार ने सवाल उठाए हैं. युवती के आखिरी संदेश में don’t come लिखा था.

डिजिटल सबूतों से समझा जा रहा घटनाक्रम

हालांकि, पुलिस का कहना है कि Snapchat पर बातचीत का एक ग्रुप बना हुआ था, जिसमें संभव और युवती के अलावा उनके दो अन्य दोस्त भी शामिल थे. घटना से एक रात पहले इसी ग्रुप में बातचीत हुई थी. पुलिस के अनुसार, अगले दिन भी ग्रुप में संदेश भेजे गए थे. इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है.

परिजनों का कहना है कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद सिर पर गंभीर चोट नहीं आना, हाथ में पहनी घड़ी का सुरक्षित रहना और शरीर पर चोटों का स्वरूप कई सवाल खड़े करता है. उनका यह भी कहना है कि संभव को युवती के घर बुलाने की वजह स्पष्ट होनी चाहिए. वहीं, पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन से मिले तथ्यों को एक साथ रखकर जांच की जा रही है.

पुलिस जोड़ रही हर कड़ी

पुलिस फिलहाल इसे दुर्घटना मानकर चल रही है, लेकिन परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत मिलने पर उस आधार पर भी जांच की जाएगी. फिलहाल इस मामले में CCTV फुटेज सामने आने के बाद जांच को नई दिशा मिली है. अब पुलिस के सामने घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़कर यह स्पष्ट करना है कि संभव की मौत महज एक हादसा थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी थी.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY