Ratan Sheikh Encounter: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने सिपाही पर गोली चलाने के आरोपी रतन शेख को एनकाउंटर में मार गिराया। रविवार, 15 नवंबर को हथियार बरामदगी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रतन पर 36 आपराधिक मामले दर्ज थे।

हथियार बरामदगी के लिए ले गई थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, रतन शेख को रविवार दोपहर पड़ोसी पूर्व बर्धमान जिले के नवाबहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे बीरभूम जिले के नानूर स्थित चरकोल गांव के एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया। यहां उसने गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार छिपाकर रखा था। पुलिस टीम उसी हथियार को बरामद करने पहुंची थी।
अचानक निकाला हथियार और पुलिस पर चलाई गोली
रतन ने उस जगह से अचानक हथियार निकाल लिया, जहां उसने उसे छिपाया था। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस के वाहन में लगी। पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें रतन को गोलियां लगीं। उसे नानूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां शाम करीब 5:45 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बोलपुर अस्पताल भेजा गया।
13 नवंबर को सिपाही पर चलाई थी गोली
रतन शेख पर 13 नवंबर को शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लाइक बाजार में पुलिस कांस्टेबल विश्वजीत दास पर गोली चलाने का आरोप था। इस घटना में गोली कांस्टेबल के पैर में लगी थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद रतन ने अपना जुर्म कबूल किया था और हथियार बरामद कराने के लिए पुलिस को उस जगह ले जाने के लिए तैयार हो गया था।
रतन शेख पर दर्ज थे 36 आपराधिक मामले
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रतन शेख को कुख्यात अपराधी बताया। उन्होंने कहा कि उसके खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज थे। मुख्यमंत्री ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाएगी? पुलिस को जवाबी कार्रवाई करने की पूरी छूट है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला होने पर उन्हें जवाब देना चाहिए।
छह महीने में पांचवां एनकाउंटर
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार आने के बाद बीते छह महीनों में यह पांचवीं पुलिस मुठभेड़ है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में दुष्कर्मियों, गुंडों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराधियों से निपटने के लिए जरूरी सभी कदम उठाए जाएंगे।