Kanpur Delhi Superfast Express: कानपुरवासियों के लिए दिल्ली का सफर अब और आसान होने जा रहा है। कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार के बीच नई नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। इस ट्रेन का शुभारंभ 16 नवंबर 2026 को किया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी सहित शहर के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

सांसद रमेश अवस्थी ने किया आमंत्रित
नई ट्रेन के शुभारंभ को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कानपुरवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। साथ ही नई ट्रेन की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। सांसद ने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
रात 8:40 बजे कानपुर से होगी रवाना
रेलवे की निर्धारित समयसारणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
कानपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली इस सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद स्टेशनों पर होगा। इन स्टेशनों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर के बीच आनेजाने में सुविधा मिलेगी।
रोजाना मिलेगा सफर का विकल्प
इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। इससे कानपुर के साथसाथ रास्ते के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा। नई ट्रेन शुरू होने से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसे शहर के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा माना जा रहा है।