Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गौकशी के संगठित गिरोह के खिलाफ नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, 18 सदस्यों का यह गिरोह पिछले करीब 10 साल से जिले में गौकशी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. गिरोह के सदस्य गौकशी के बाद मांस को आसपास के इलाकों में बेचते थे. पुलिस ने गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं सीमा और बेबी उर्फ शबाना शामिल हैं. इनके अलावा सलमान, पल्लू, कल्लू, वसीम, दानिश, शाहिद, आलम, सोनू उर्फ कलीम, नदीम, मुन्ना और गुलबहार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब गिरोह के फरार पांच अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
महिलाएं भी देती थी साथ
एसपी सिटी अमृत जैन के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सरवट के घने जंगलों में गौकशी की घटनाओं को अंजाम देते थे. इसके बाद मदीना चौक, बझेड़ी और आसपास के इलाकों में गौमांस बेचते थे. गिरोह की महिला सदस्यों की भूमिका भी अलगअलग थी. वे कथित तौर पर इलाके की रेकी करने, पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने, गोवंश को ले जाने और घरघर जाकर मांस बेचने का काम करती थीं.
गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के सदस्यों के खिलाफ वर्ष 2016, 2017 और 2018 सहित पिछले सालों में भी गौकशी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं. हाल के एक साल में भी कई घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई है. पुराने मामलों में सबूतों के आधार पर छह के करीब मुकदमों को शामिल करते हुए गैंग चार्ट तैयार किया गया. इसके बाद 18 सदस्यों के गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.
अवैध संपत्तियों की होगी जांच
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री की संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और एसएसपी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है. गिरफ्तार 13 आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही पुलिस गिरोह के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर गौकशी से अर्जित की गई संपत्तियों को भी चिह्नित किया जा रहा है. जांच के बाद अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गिरोह की आर्थिक गतिविधियों की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.