उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में पोलिंग बूथों के संभाजन और पुनर्गठन को लेकर आपत्ति जताई है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और बूथों के पुनर्गठन की मांग की.

सपा का आरोप है कि भाजपा नेताओं के दबाव में कई जिलों में सपा समर्थक बाहुल्य वाले मतदान केंद्रों को गांवों से 3 से 4 किलोमीटर दूर कर दिया गया है. पार्टी के मुताबिक, एसआईआर के बाद प्रदेश में पोलिंग बूथों की संख्या 1 लाख 77 हजार 516 थी, जो पुनर्गठन के बाद घटकर 1 लाख 73 हजार 730 रह गई है. यानी कुल 3,886 बूथ कम हुए हैं.
नजदीक मतदान की सुविधा देने की मांग
समाजवादी पार्टी ने जौनपुर की शाहगंज विधानसभा के कई गांवों का उदाहरण देते हुए कहा कि मतदान केंद्र दूर होने और बीच में नहर पड़ने से मतदाताओं को परेशानी होगी. पार्टी ने निर्वाचन आयोग से नियमों के अनुसार मतदान केंद्रों का पुनर्गठन कर मतदाताओं को नजदीक मतदान की सुविधा देने की मांग की है. सपा का कहना है कि इन गांवों में प्राथमिक विद्यालय मौजूद होने के बावजूद, मतदाताओं को वोट डालने के लिए दूर की जगहों पर भेजा जा रहा है। कुछ मामलों में, मतदान केंद्र ऐसी जगहों पर बनाए गए हैं, जहां तक पहुंचने के लिए ठीक से रास्ते भी नहीं हैं.
पुराने मतदान केंद्रों को किया जाए बहाल
सपा ने भारत निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि वह ‘मतदान केंद्र नियमावली’ में तय किए गए मानकों और दिशानिर्देशों के अनुसार इस मामले की गहन जांच करे. यह सुनिश्चित करने के लिए कि 2027 के विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त तरीके से हों, मतदान केंद्रों को फिर से व्यवस्थित किया जाना चाहिए, जिसमें मतदाताओं की सुविधा पर मुख्य ध्यान दिया जाए. इसके अलावा, जिन मामलों में अनियमितताएं हुई हैं, वहां पुराने मतदान केंद्रों को ही बहाल किया जाना चाहिए. ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल रहे.