: नेता विपक्ष राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले आरोप पर बीजेपी सांसद रवि किशन ने तंज कसा है। उन्होंने आलू से सोना बनाने वाले पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि वह राहुल गांधी के फोन की टैपिंग इसलिए कर रहे थे, ताकि सोना बनाने का फॉर्मूला पता चल सके।

राहुल गांधी ने लगाया था फोन टैपिंग का आरोप
शुक्रवार, 13 नवंबर को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक सवालजवाब कार्यक्रम के दौरान फोन टैपिंग का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके सभी आरोपों के सबूत उनके फोन में हैं और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप किया जा रहा है। राहुल गांधी ने इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी को आमनेसामने बहस करने की चुनौती भी दोहराई थी। हालांकि, उन्होंने फोन टैपिंग के आरोप को साबित करने के लिए कोई तकनीकी सबूत पेश नहीं किया।
रवि किशन ने आलू से सोना बनाने की बात कही
राहुल गांधी के आरोप पर शनिवार 14 नवंबर को गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने तंज कसा। उन्होंने न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में कहा, “हम उनका मोबाइल फोन टैप कर रहे थे, क्योंकि हमें सच में यह जानना था कि वह आलू से सोना कैसे बनाने वाले हैं। वरना, ऐसा करने का पूरा फॉर्मूला राहुल गांधी के पास ही रह जाता।” उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास भी खेत हैं और हमें भी आलू से सोना बनाना है। इसलिए उनके फोन में मौजूद फॉर्मूला जानना जरूरी था।
2017 के बयान पर किया कटाक्ष
रवि किशन का यह तंज राहुल गांधी के 2017 के गुजरात भाषण में आलू से सोना बनाने वाली टिप्पणी से जुड़ा है। इसी पुराने बयान का हवाला देकर बीजेपी नेता पहले भी राहुल गांधी पर निशाना साधते रहे हैं। फोन टैपिंग के ताजा आरोप और रवि किशन के इस बयान के बाद एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।