Curd Making Without starter: घर में दही खत्म हो जाए और जामन भी खत्म हो गया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप बिना दही जामन के भी घर पर नया जामन तैयार कर सकते हैं। इसके लिए रसोई में मौजूद हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च और नींबू जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। सही तरीके और तापमान का ध्यान रखकर आप घर पर दही जमा सकते हैं। आइए जानते हैं बिना जामन के दही तैयार करने के आसान तरीके और इससे जुड़ी जरूरी बातें।

बिना जामन के दही जमाने के लिए क्या करें?
दूध को सही तापमान पर करें गर्म
दही जमाने की प्रक्रिया में दूध का तापमान काफी मायने रखता है। अगर आप खुला दूध इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे अच्छी तरह उबाल लें। वहीं, पैकेट वाले दूध को भी हल्का गर्म करना जरूरी है। दूध उबालने के बाद उसे ठंडा होने दें। जब दूध गुनगुना रह जाए, तभी उसमें जामन तैयार करने वाली सामग्री मिलाएं। ध्यान रखें कि दूध बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए।
हरी मिर्च से तैयार करें जामन
बिना पुराने दही के जामन बनाने के लिए हरी मिर्च का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक कप गुनगुना दूध लें और उसमें डंठल सहित दो हरी मिर्च डाल दें। ध्यान रखें कि मिर्च का डंठल दूध में अच्छी तरह डूबा होना चाहिए। आप चाहें तो इसकी जगह डंठल वाली सूखी लाल मिर्च भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब इस मिश्रण को ढककर किसी गर्म जगह पर 10 से 12 घंटे के लिए रख दें।
नींबू के रस से भी बना सकते हैं जामन
अगर घर में हरी या लाल मिर्च उपलब्ध नहीं है, तो नींबू की मदद भी ( ली जा सकती है। इसके लिए एक नींबू का रस निकाल लें और उसमें से करीब दो चम्मच रस एक कप गुनगुने दूध में मिलाएं। अब बर्तन को ढककर किसी गर्म स्थान पर 10 से 12 घंटे के लिए रख दें।
ध्यान दें कि, नींबू का रस दूध को अम्लीय बनाकर फाड़ सकता है। इससे बना मिश्रण सामान्य दही के जामन जैसा नहीं होता, इसलिए इसका इस्तेमाल सावधानी से करें।
तैयार जामन से जमाएं दही
जब जामन तैयार हो जाए, तो एक लीटर दूध को उबालकर हल्का गुनगुना कर लें। अब इसे दो अलगअलग बर्तनों में बराबर मात्रा में बांट दें। एक बर्तन में दो चम्मच मिर्च वाला तैयार जामन और दूसरे में दो चम्मच नींबू वाला मिश्रण डालें। दोनों बर्तनों को अच्छी तरह ढककर गर्म जगह पर रख दें।
करीब 6 से 7 घंटे बाद दही जमने की जांच करें। इसके लिए कैसरोल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, क्योंकि इसमें दूध की गर्माहट लंबे समय तक बनी रहती है। दही जमने के बाद इसे फ्रिज में रख दें।