Vande Bharat Luggage Rules: ने यात्रियों के सफर को बेहतर और आरामदायक सफर बनाने के लिए कई आधुनिक ट्रेनों का संचालन किया है। इसी बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी शुरू करने की योजना बनाई गई हैं। इन ट्रेनों में यात्री लंबी दूरी का सफर आराम से सोते हुए पूरा कर सकेंगे। हालांकि, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर के दौरान यात्री अपने साथ मनचाहा सामान नहीं ले जा सकते हैं। रेलवे ने हर क्लास के हिसाब से सामान ले जाने की अधिकतम सीमा तय की है। अगर आप भी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो आपको सामान से जुड़े इन नियमों की जानकारी जरूर होनी चाहिए। नहीं तो आपको जुर्माना देना पड़ सकता है।

आइए जानते हैं कि वंदे भारत स्लीपर के अलगअलग कोच में कितना सामान ले जाने की अनुमति है।
1st AC में कितना ले जा सकते हैं सामान ?
रेलवे के नियमों के मुताबिक, फर्स्ट एसी कोच में सफर करने वाले यात्री अपने साथ ज्यादा से ज्यादा 70 किलोग्राम सामान मुफ्त में ले जा सकते हैं। यानी इस क्लास में यात्रा करने पर 70 किलो तक सामान के लिए अलग से कोई शुल्क नहीं देना होगा।
सेकंड AC और थर्ड AC में कितनी है सामान की लिमिट?
अगर आप वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के सेकंड एसी या थर्ड एसी कोच में सफर करने वाले हैं तो सामान पैक करने से पहले कितना सामान ले जा सकते हैं इसकी जानकारी जरुर ले लें।
बता दें कि, सेकंड एसी कोच में यात्रियों को 50 किलोग्राम तक सामान मुफ्त ले जाने की अनुमति होती है। वहीं, थर्ड एसी कोच में यह सीमा 40 किलोग्राम है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा की तैयारी इसी सीमा को ध्यान में रखकर करनी चाहिए।
बिना बुकिंग ज्यादा सामान ले जाने पर क्या होगा?
अगर कोई यात्री निर्धारित सीमा से ज्यादा सामान बिना बुकिंग के ट्रेन में लेकर जाता है और जांच के दौरान पकड़ा जाता है तो उसे अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। रेलवे के नियमों के तहत बिना बुक किए अतिरिक्त सामान ले जाने पर सामान्य लगेज दर से 6 गुना तक चार्ज वसूला जा सकता है।
ज्यादा सामान होने पर क्या करना चाहिए?
अगर आपके पास निर्धारित सीमा से ज्यादा सामान है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप रेलवे के लगेज ऑफिस में जाकर अतिरिक्त सामान की बुकिंग करवा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले सामान का वजन कराया जाता है। इसके बाद निर्धारित शुल्क जमा करना होता है।
बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होने पर रेलवे की ओर से आपको रसीद दी जाती है। इस रसीद को यात्रा के दौरान अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे दिखाया जा सके।
किन यात्रियों को वंदे भारत स्लीपर में नहीं मिलेगी एंट्री?
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करने के लिए कन्फर्म टिकट होना जरूरी है। इस ट्रेन में बिना कन्फर्म टिकट यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। RAC, वेटिंग लिस्ट और आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को भी यात्रा की अनुमति नहीं होगी। इसलिए अगर आप वंदे भारत स्लीपर में सफर करने जा रहे हैं, तो ट्रेन में चढ़ने से पहले अपना टिकट स्टेटस जरूर चेक कर लें।