भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अब कारोबार की दुनिया में भी निवेश कर रहे हैं. उन्होंने कचरे के मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग से जुड़ी भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनी Recykal में छोटी हिस्सेदारी खरीदी है. कंपनी ने सचिन को अपना स्ट्रेटजिक इन्वेस्टर बनाने का ऐलान किया है. इस इन्वेस्टमेंट के साथ सचिन कंपनी के विकास और पर्यावरण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के अभियान से जुड़ेंगे. कंपनी का टारगेट टेक्नोलॉजी की मदद से एक अरब लोगों की आदतों में बदलाव लाना और उन्हें कचरे का सही मैनेजमेंट सिखाना है.

Recykal ने बताया कि सचिन तेंदुलकर का यह निवेश कंपनी के जून 2026 में घोषित 23 मिलियन डॉलर के फंडिंग राउंड का विस्तार है. इस फंडिंग में कंपनी को मौजूदा निवेशकों और कुछ नए फैमिली ऑफिस से प्राथमिक और द्वितीयक निवेश मिला था. हालांकि, सचिन ने कंपनी में कितनी रकम निवेश की है और कितने प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है, इसका खुलासा नहीं किया गया है.
सचिन को पसंद आई कंपनी की ये बात
सचिन तेंदुलकर ने इस निवेश को लेकर कहा कि उनके पूरे क्रिकेट करियर में उन्होंने सीखा है कि बड़ी सफलता अनुशासन और लगातार मेहनत से मिलती है. यही बात एक स्वच्छ भारत बनाने पर भी लागू होती है. उन्होंने कहा कि Recykal की सबसे खास बात यह है कि कंपनी रोजमर्रा की एक बड़ी समस्या को हल करने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रही है. कंपनी का एक अरब लोगों की सोच और आदतों में बदलाव लाने का लक्ष्य उन्हें काफी पसंद आया. उन्हें उम्मीद है कि इस साझेदारी से ज्यादा से ज्यादा लोग पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और रोजमर्रा की जिंदगी में सही फैसले लेंगे.
सचिन तेंदुलकर पर क्या बोली कंपनी?
Recykal के CEO और कोफाउंडर अभय देशपांडे ने कहा कि कंपनी का मानना है कि सर्कुलर इकोनॉमी को आगे बढ़ाने में टेक्नोलॉजी की बड़ी भूमिका है. सचिन तेंदुलकर के कंपनी से जुड़ने से पर्यावरण संरक्षण के अभियान को और मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि सचिन ने कई दशकों तक अपने अनुशासन और ईमानदारी से लाखों भारतीयों को प्रेरित किया है. कंपनी उनके साथ मिलकर ऐसा अभियान चलाना चाहती है, जिसमें पर्यावरण के लिए सही काम करना लोगों की रोजमर्रा की आदत बन जाए.
कंपनी इस फंडिंग का इस्तेमाल अपने टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और ओपन मार्केटप्लेस को मजबूत करने, डिपॉजिट रिटर्न सिस्टम का विस्तार करने और विदेशों में कारोबार बढ़ाने के लिए कर रही है. डिपॉजिट रिटर्न सिस्टम के तहत पैकेजिंग के कचरे को वापस इकट्ठा करने और उसे रीसाइक्लिंग के लिए भेजने की व्यवस्था की जाती है. इसमें टेक्नोलॉजी, सामान की ढुलाई और लोगों की भागीदारी को एक साथ जोड़ा जाता है.