Ola से कैब बुक करते समय अगर आपको जल्दी राइड पाने के लिए एक्स्ट्रा पैसे देने का ऑप्शन दिखा हो, तो यह खबर आपके लिए है. दरअसल, कंपनी के ऐप पर ड्राइवर के बुकिंग एक्सेप्ट करने का इंतजार कर रहे यात्रियों से 10 से 140 रुपये तक की टिप मांगी जाती थी. दावा किया जाता था कि एक्स्ट्रा पैसे देने से जल्दी कैब मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. लेकिन जांच में कुछ और ही सामने आया. पता चला कि ज्यादा पैसे देने के बावजूद यात्रियों को जल्दी राइड मिलने की गारंटी तो दूर, उनके बुकिंग एक्सेप्ट होने की संभावना भी कम थी. इस मामले में अब केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने Ola की पैरेंट कंपनी ANI Technologies पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. साथ ही, कंपनी को इस तरीके को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है.

Ola ने कैसे शुरू किया था एक्स्ट्रा पैसे मांगने का ऑप्शन
ने 27 अप्रैल 2025 को ऐप में टिप देने का फीचर शुरू किया था. जब यात्री कैब के लिए ड्राइवर खोज रहे होते थे, तब उन्हें कुछ तय रकम देने के ऑप्शन दिखाई देते थे. इसके साथ यह संदेश भी दिया जाता था कि एक्स्ट्रा पैसे देने से जल्दी राइड मिलने की संभावना बढ़ सकती है. 16 मई 2025 को CCPA को इसकी शिकायत मिली. शिकायत में कहा गया कि यात्रियों को डर था कि एक्स्ट्रा पैसे नहीं देने पर उनकी बुकिंग में देरी हो सकती है या राइड कैंसिल हो सकती है. इसके बाद 28 मई को कंपनी को नोटिस भेजा गया.
22 मई 2025 को Ola ने ऐप में ‘टिप’ की जगह ‘‘ लिखना शुरू कर दिया. हालांकि, ड्राइवर के राइड स्वीकार करने तक यात्रियों को एक्स्ट्रा पैसे देने के संदेश दिखते रहे. शुरुआत में यह रकम 10 से 40 रुपये थी, जो बाद में बढ़कर 50 से 140 रुपये हो गई। यात्री अपनी पसंद से 499 रुपये तक भी दे सकते थे.
कंपनी ने क्या सफाई दी?
Ola ने कहा कि एक्स्ट्रा दी गई पूरी रकम ड्राइवर को मिलती है. कंपनी के मुताबिक, यह विकल्प पूरी तरह अपनी मर्जी से चुना जा सकता था. इसका मकसद उन ड्राइवरों को बुकिंग स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित करना था, जिन्हें यात्री तक पहुंचने के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है.
जांच में क्या सामने आया?
CCPA ने जून 2026 के 15 दिनों का दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई का डेटा जांचा. इसमें पाया गया कि एक्स्ट्रा पैसे देने वाली बुकिंग में ड्राइवर के राइड स्वीकार करने की दर कम थी. दिल्ली में यह दर 38%, बेंगलुरु में 40% और मुंबई में 39% रही. वहीं, बिना एक्स्ट्रा पैसे वाली बुकिंग में यह दर लगभग 62%, 68% और 68% थी. इस दौरान तीनों शहरों में यात्रियों ने करीब 56 लाख रुपये के एक्स्ट्रा पैसे दिए. जांच में यह भी पता चला कि इन बुकिंग में ड्राइवरों को यात्रियों तक पहुंचने के लिए औसतन सिर्फ 100 से 300 मीटर ज्यादा चलना पड़ा.
Ola पर क्यों लगा जुर्माना?
CCPA ने इस तरीके को गलत व्यापार और भ्रामक विज्ञापन माना. प्रधिकरण के मुताबिक, राइड मिलने से पहले यात्रियों से पैसे मांगना और ऐप पर बारबार ऐसे ऑप्शन दिखाना गलता था. इसे ‘Confirm Shaming’ नाम का डार्क पैटर्न भी माना गया. इसमें ग्राहक पर अपनी मर्जी के खिलाफ कोई ऑप्शन चुनने का दबाव बनाया जाता है.
15 दिन में भरना होगा 10 लाख रुपये जुर्माना
CCPA ने Ola को राइड पूरी होने से पहले टिप या एक्स्ट्रा पैसे मांगने वाले सभी संदेश और विकल्प हटाने का आदेश दिया है. कंपनी को आदेश मिलने के 15 दिनों के अंदर 10 लाख रुपये का जुर्माना भरना होगा। इसी समय सीमा में प्राधिकरण को नियमों का पालन करने की रिपोर्ट भी देनी होगी.