Chris Broad : क्रिकेट की दुनिया के सबसे चर्चित विवादों में शामिल 2018 का सैंडपेपर कांड एक बार फिर सुर्खियों में है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ में इस मामले को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। अब इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और आईसीसी मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड भी ख्वाजा के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन कोच डैरेन लेहमैन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इस मामले में उन्हें भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए था।

डैरेन लेहमैन पर क्रिस ब्रॉड ने क्यों उठाए सवाल?
क्रिस ब्रॉड ने ट्रैक रेडियो पर बातचीत के दौरान कहा कि डैरेन लेहमैन को सैंडपेपर कांड की जानकारी जरूर रही होगी। अगर उन्हें इस पूरे मामले के बारे में कुछ पता नहीं था, तो फिर उन्हें उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम का कोच नहीं होना चाहिए था।
क्रिस ब्रॉड ने यह भी कहा कि लेहमैन इस मामले में बचकर निकल गए। उन्होंने कुछ महीने बाद अपना पद जरूर छोड़ दिया, लेकिन उन्हें किसी तरह की आधिकारिक सजा नहीं मिली। ब्रॉड के मुताबिक, टीम के कोच की जिम्मेदारी को देखते हुए लेहमैन की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उस्मान ख्वाजा की किताब में क्या हुआ बड़ा खुलासा?
उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में दावा किया है कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी सिर्फ तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को इसकी जानकारी थी। उन्होंने यह भी लिखा कि गेंद की स्थिति बदलने को लेकर टीम में चर्चा हुई थी।
केपटाउन टेस्ट में कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की कोशिश करते पकड़ा गया था। इसके बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एकएक साल का प्रतिबंध लगा, जबकि बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने की सजा मिली थी।
लेहमैन के बयान और ब्रॉड की पुरानी नाराजगी
क्रिस ब्रॉड ने इस मामले में लेहमैन की भूमिका पर सवाल उठाने के साथ 2013 की एशेज सीरीज का भी जिक्र किया। उस दौरान लेहमैन ने ब्रॉड के बेटे स्टुअर्ट ब्रॉड की आलोचना की थी, क्योंकि उन्होंने गेंद बल्ले से लगने के बावजूद मैदान नहीं छोड़ा था।
हालांकि, लेहमैन लगातार सैंडपेपर कांड की जानकारी होने से इनकार करते रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी फिलहाल अपनी पुरानी जांच दोबारा खोलने के पक्ष में नहीं है। ऐसे में ख्वाजा के खुलासे और क्रिस ब्रॉड के बयान ने आठ साल पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।