Vaibhav Sooryavanshi Bihar Captain: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

महज 15 साल की उम्र में वैभव अब सीनियर क्रिकेट में अपनी कप्तानी का आगाज करने जा रहे हैं। उन्हें 202627 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी।
इंदौर में पहले दो मैच खेलेगी बिहार टीम
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की चयन समिति ने शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित की है। ये दोनों मैच इंदौर में खेले जाएंगे। बिहार अपने अभियान का आगाज 14 नवंबर को सौराष्ट्र के खिलाफ करेगा।
वैभव सूर्यवंशी को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन के बाद वैभव के राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडियाA टीम से जुड़ने की भी संभावना है।
कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धियां
वैभव सूर्यवंशी पहले ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। जनवरी 2024 में उन्होंने महज 12 साल की उम्र में मुंबई के खिलाफ बिहार की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था।
पिछले रणजी सीजन में भी उन्हें बिहार टीम का उपकप्तान बनाया गया था। इसके अलावा, जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में उन्होंने भारतीय अंडर19 टीम की कप्तानी भी की थी।
वह फरवरी में अंडर19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे थे।
न्यूजीलैंड दौरे पर भी दिखाया दम
बिहार की कप्तानी मिलने से पहले वैभव न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ थे। पांच मैचों की T20I सीरीज में उन्हें दो मुकाबले खेलने का मौका मिला।
सीरीज के तीसरे T20 मुकाबले में वैभव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में 45 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा के साथ उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 118 रन तक पहुंचाया था।
यह पुरुष T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पावरप्ले का रिकॉर्ड स्कोर बना।
BCA अध्यक्ष ने जताया भरोसा
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव को कप्तानी दिए जाने पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता से प्रभावित किया है।
उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में टीम अनुशासित और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट खेलेगी।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार टीम
कप्तान: वैभव सूर्यवंशी
उपकप्तान: सूरज कश्यप
आलोक कुमार, आयुष लोहारुका , अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार , ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव।