Haridwar University Staff Protest: रिपोर्ट : शक्ति सिसोदिया, हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह कर्मचारियों और कुलसचिव के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारियों ने कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा मच गया। सूचना मिलने पर कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं और कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं, जहां उनका मेडिकल कराया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय में सफाई कर्मचारियों और शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का आंदोलन पिछले करीब 15 दिनों से चल रहा था। शुक्रवार रात प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच समझौता होने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था। हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर विवाद शुरू हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
कुलपति ने CCTV फुटेज जांचने की कही बात
घटना के बाद कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा मेहता लूथरा ने मारपीट होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जाएगी, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
ये भी पढ़ें:
पुलिस को शिकायत का इंतजार
वहीं, कनखल कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: