यामाहा ने अपनी नई एडवेंचर मोटरसाइकिल Tenere 4 Concept से पर्दा उठा दिया है. इस बाइक को EICMA 2026 से पहले पेश किया गया है. यह कंपनी की Tenere सीरीज की नई और शुरुआती मॉडल हो सकती है. माना जा रहा है कि इसमें करीब 400cc का नया लिक्विडकूल्ड, सिंगलसिलेंडर इंजन मिलेगा. हालांकि, कंपनी ने अभी इसके इंजन की कैपेसिटी और पावर से जुड़ी जानकारी शेयर नहीं की है. इस कॉन्सेप्ट के जरिए यामाहा ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में वह मिडिलवेट एडवेंचर बाइक सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ा सकती है. इसका मुकाबला KTM की बाइक्स से हो सकता है.

400cc इंजन मिलने की उम्मीद
यामाहा की Tenere सीरीज खासतौर पर एडवेंचर और ऑफरोडिंग मोटरसाइकिलों के लिए जानी जाती है. अब कंपनी इस सीरीज में एक नई एंट्रीलेवल बाइक जोड़ने की तैयारी कर रही है. इसके लिए Tenere 4 Concept को पेश किया गया है. इस बाइक के नाम में दिए गए ‘4’ से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसमें करीब 400cc का इंजन मिल सकता है. कॉन्सेप्ट मॉडल में दिखाया गया इंजन सिंगलसिलेंडर और लिक्विडकूल्ड नजर आता है. बताया जा रहा है कि यह यामाहा का नया इंजन होगा.
यह इंजन कंपनी के पुराने XMAX 400 स्कूटर में इस्तेमाल किए गए 395cc इंजन से अलग हो सकता है. XMAX 400 में 395cc का सिंगलसिलेंडर, लिक्विडकूल्ड इंजन मिलता था, जो 33 bhp की पावर और 36 Nm का टॉर्क जनरेट करता था. इस स्कूटर को करीब 2020 में Euro 5 एमिशन नियमों के चलते बंद कर दिया गया था.
ऑफरोडिंग के लिए खास डिजाइन
Yamaha Tenere 4 Concept को एक एडवेंचर बाइक के तौर पर डिजाइन किया गया है. इसका इस्तेमाल खराब रास्तों पर ऑफरोडिंग के साथसाथ हाईवे पर लंबी दूरी की यात्रा के लिए भी किया जा सकेगा. बाइक में अच्छी ग्राउंड क्लीयरेंस दी गई है. इसके फ्रंट में खास बीक डिजाइन देखने को मिलता है, जो एडवेंचर बाइक की पहचान माना जाता है. इसके अलावा लंबी विंडस्क्रीन और हैंडगार्ड भी दिए गए हैं, जो तेज हवा और रास्ते में आने वाली चीजों से राइडर को बचाने में मदद करेंगे.
इस बाइक का मेन फ्रेम भी नया बताया जा रहा है. इसे हल्का और मजबूत बनाने पर ध्यान दिया गया है, ताकि ऑफरोडिंग के दौरान बाइक को संभालना आसान रहे. इसमें नीचे की तरफ फ्लैट फ्यूल टैंक दिया गया है. वहीं, रैली स्टाइल सीट और ऊंचे हैंडलबार की मदद से राइडर को सीधी और आरामदायक बैठने की पोजिशन मिलेगी.
KYB सस्पेंशन और 21 इंच का फ्रंट व्हील
Tenere 4 Concept में आगे और पीछे KYB के सस्पेंशन दिए गए हैं. माना जा रहा है कि इनमें एडजस्टमेंट की सुविधा भी मिल सकती है. कॉन्सेप्ट बाइक में आगे 21 इंच और पीछे 18 इंच के वायरस्पोक व्हील नजर आते हैं.
इन पहियों में Michelin Anakee Wild ऑफरोड टायर लगाए गए हैं. इसके अलावा बाइक में बॉक्ससेक्शन रियर स्विंगआर्म और ऊपर की तरफ उठा हुआ Akrapovic ब्रांड का एग्जॉस्ट सिस्टम भी दिखाई देता है.
फिलहाल यामाहा ने इस बाइक के प्रोडक्शन मॉडल, लॉन्च टाइमलाइन, कीमत और पूरे स्पेसिफिकेशन की जानकारी नहीं दी है. आने वाले समय में इसके बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.