कर्नाटक के हावेरी में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां समय से कर्ज नहीं चुका पाने पर साहूकार ने एक युवक को अगवा किया, फिर उसे सूनसान स्थान पर ले जाकर ना केवल बुरी तरह पिटाई की, बल्कि उसके मुंह में पेशाब तक किया. गनीमत रही कि पीड़ित युवक एक राहगीर की मदद से भागने में सफल हो गया. इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला हावेरी जिले के शिगगांव तालुक में बांकापुरा कस्बे का है. जानकारी के मुताबिक यहां रहने वाला पीड़ित मणिकांत बेकरी का काम करता है. काम के सिलसिले में ही उसने पिछले दिनों एक साहूकार से 70 हजार रुपये का कर्ज लिया था. शर्त के मुताबिक ब्याज के रूप में हर हफ्ते 1500 से 2000 रुपये का भुगतान भी कर रहा था. इसी बीच एक दो हफ्ते से वह किसी कारणवस यह रकम नहीं दे पाया.
चार दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट
पीड़ित के मुताबिक 16 अक्टूबर को आरोपियों ने उसके अगवा किया और किसी गुप्त स्थान पर ले गए. जहां उसके हाथपांव बांधकर चार दिनों तक मारपीट की गई. उसे सिगरेट से भी दागा गया. यही नहीं, आरोपियों ने उसके मुंह में पेशाब भी किया. गनीमत रही कि एक राहगीर ने 20 अक्टूबर को उसकी मदद की और वह आरोपियों के चंगुल से निकल भागने में सफल हो गया.
जांच में जुटी पुलिस
आरोपियों के चंगुल से मुक्त होने के बाद पीड़ित ने पहले अपने परिवार से संपर्क किया. फिर परिजनों के साथ पुलिस में शिकायत दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इधर, परिजनों ने पीड़ित की हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए हावेरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.