मुंबई में रहने वाले फैजान अंसारी ने सौरभ राजपूत हत्याकांड को अंजाम देने वाली मुस्कान की बेटी मन्नत की जिम्मेदारी उठाने की पेशकश की है. उन्होंने इस समय मेरठ कोर्ट को पत्र लिखकर उसकी सुपुर्दगी मांगी है. साथ ही उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को भी पत्र लिखकर इसमें सहयोग की मांग की है. उन्होंने तर्क दिया है कि वह आर्थिक रूप से समर्थ हैं और मन्नत की परवरिश से लेकर पढ़ाई लिखाई और शादी ब्याह का खर्च उठाने में सक्षम हैं.

फैजान अंसारी सोशल मीडिया एंफ्लूएंसर हैं. पिछले दिनों जब सैफ अली खान के ड्राइवर को गोली लगी तो उन्होंने हर संभव मदद की थी. उन्होंने कोर्ट को लिखे पत्र में इस घटना का भी जिक्र किया है. इसी के साथ उन्होंने लिखा है कि यदि कोर्ट अनुमति दे तो वह मन्नत के भविष्य को संवारने का काम करेंगे. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसमें मदद करने की अपील की है.
10 महीने की है मन्नत
पति सौरभ राजपूत की हत्या कर शव के कई टुकड़े करने और फिर इन टुकड़ों को नीले ड्रम में पैक करने वाली मुस्कान की बेटी मन्नत अब 10 महीने की है. इस हत्याकांड में मुस्कान को सजा सुनाते हुए कोर्ट ने उसे भरोसा दिया था कि उसके बाद मन्नत का पूरा ख्याल रखा जाएगा. इसी क्रम में सोशल मीडिया एंफ्लूएंसर फैजान ने कोर्ट से इस बच्ची की परवरिश, पढ़ाई और शादी तक की जिम्मेदारी उठाने के लिए उसकी सुपुर्दगी मांगी है.
सुपुर्दगी के लिए है लंबी प्रक्रिया
फैजान अंसारी की अपील पर अदालत कोई एक्शन लेता है कि नहीं, यह देखने की बात होगी. दरअसल, किसी भी बच्चे को गोद लेने की एक वैधानिक व्यवस्था है और इसके लिए भारत सरकार की ओर से एक प्राधिकरण बनाया गया है. इस प्राधिकरण में जरूरी औपचारिकताओं के बाद ही बच्चों को गोद दिया जाता है.