: मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें हरियाणा का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचकर वहां से नेपाल भागने की तैयारी में थे।

#WATCH | Kota, Rajasthan: Regarding the firing on Bollywood actor Tiger Shroff, Kota SP Tejaswani Gautam says, “…This morning, we received information, prompting us to activate our team. We learned that the three primary suspects involved in the firing were travelling by train… pic.twitter.com/xmPA4tP5i1
— ANI October 19, 2026
मुंबई पुलिस की सूचना पर 15 मिनट में कार्रवाई
कोटा पुलिस को सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे सूचना मिली थी कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में शामिल तीन आरोपी ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, निकास मार्गों और दूसरे संभावित रास्तों पर टीमों को तैनात कर दिया। इसके बाद पुणेजयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी ली गई, जहां तीनों आरोपी पुलिस के हाथ लग गए।
कौन हैं पकड़े गए आरोपी?
कोटा पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ऋतिक पिछले कुछ साल से मुंबई में रह रहा था और वहां रैपिडो चलाता था। वहीं रेहान और नाबालिग सोनीपत में मजदूरी करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों की फायरिंग की वारदात में क्या भूमिका थी और इनके साथ कौनकौन लोग जुड़े हैं।
दिल्ली से नेपाल भागने का था प्लान
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि तीनों आरोपी कोटा से दिल्ली जाने और फिर वहां से नेपाल भागने की तैयारी में थे। इसी बीच मुंबई पुलिस की सूचना के आधार पर कोटा पुलिस ने ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया और तीनों को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि रेहान पहले अनिल पंडित के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित का लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ाव बताया जाता है। हालांकि पुलिस इस कनेक्शन और गोलीबारी के बीच संबंध की जांच कर रही है।
हथियार अब तक बरामद नहीं, मुंबई पुलिस को सौंपे जाएंगे आरोपी
कोटा पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। आरोपियों से पूछताछ कर हथियार और वारदात से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मुंबई पुलिस की टीम भी कोटा पहुंच चुकी है। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा। इसके बाद मुंबई पुलिस मामले की आगे जांच करेगी।
18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना हुई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की थी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई थी। अब कोटा से तीन संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद पुलिस इस पूरे मामले में उनकी भूमिका और कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।