हिट एंड रन केस: पहले बुजुर्ग दंपत्ति को मारी टक्कर, फिर रूकी और घायल छोड़कर चली गई महिला

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक और हिट एंड रन का मामला सामने आया है. यहां कीर्ति नगर में एक कार सवार महिला ने सड़क पर पैदल चल रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति को टक्कर मार दी. इस घटना में बुजुर्ग दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद महिला रूकी, उन्हें जमीन पर तड़पते देखा और फिर छोड़कर चली गई. मामला दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित आर्य समाज मंदिर के पास की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में घायल बुजुर्ग दंपत्ति 71 वर्षीय कुसुम तगरा और उनके पति 79 वर्षीय दयानंद तगरा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों ने दोनों को अब खतरे से बाहर बताया है. पुलिस की जांच में पता चला कि इस बुजुर्ग दंपत्ति को टक्कर मारने वाली कार की ड्राइविंग सीट पर 49 वर्षीय नवलीन कौर बैठी थी. पुलिस ने कार के नंबर से नवलीन की पहचान करते हुए अरेस्ट कर लिया है.
वायरल हो रहा वीडियो
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बुजुर्ग दंपत्ति सड़क के एक किनारे धीरेधीरे चल रहे हैं. इतने में उन्हें पीछे से एक सफेद रंग की एसयूवी गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दिया. टक्कर इतना तेज था कि दोनों हवा में उछलकर दूर जा गिरे. घटना के महिला ने गाड़ी रोकी, बाहर आई और इन्हें तड़पते देखा और फिर गाड़ी में बैठकर फरार हो गई.
गांधी जयंती के दिन की है घटना
पुलिस के मुताबिक घटना के संबंध में गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर की सुबह लगभग 8:45 बजे सूचना मिली थी. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपत्ति को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक इस हादसे में बुजुर्ग महिला की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है. वहीं उनके पति के सिर में चोट की वजह से खून का थक्का जम गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.