Mumbai Police FIR CJP: मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को आयोजित कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की है।

शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में प्रदर्शन से जुड़े आयोजकों और करीब 400 से 500 अज्ञात समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग शिवाजी पार्क इलाके में इकट्ठा हुए।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर सार्वजनिक सड़क पर जमा होने, यातायात प्रभावित करने, नारेबाजी करने और बिना अनुमति लाउडस्पीकर इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, जिनमें की धारा 189 और 223 और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है।
Cr No 515/26 has been registered at Shivaji Park PS u/s 189, 223 BNS r/w Sec 37 /135 MP Act against CJP’s Protest Organisers & unknown 400500 CJP supporters/Agitators: Mumbai Police
— ANI October 3, 2026
प्रदर्शन में बिना अनुमति जुटी भारी भीड़
CJP ने 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया था।
मुंबई पुलिस ने पहले इस प्रदर्शन को शिवाजी पार्क में आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार किया था। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंचे थे।
प्रदर्शन में CJP से जुड़े कई कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, फिलहाल किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
नाबालिगों को लेकर NHRC ने लिया संज्ञान
इस मामले से अलग, 2 अक्टूबर के प्रदर्शन में नाबालिग बच्चों की कथित मौजूदगी और उनसे संबंधित तस्वीरें तथा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया है।
आयोग ने मुंबई पुलिस कमिश्नर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय , ‘X’ Corp. के भारत स्थित ग्रिवांस ऑफिसर और महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग को नोटिस भेजे हैं।