Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में LLB छात्र रोहन राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक मस्जिद का इमाम नाजिम और उसका साला शावेज शामिल है. दोनों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने छात्र की हत्या की पूरी कहानी बताई है.

पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव के पास करीब 20 वर्षीय रोहन राठी का शव मिला था. रोहन रात में दोस्त के यहां से बाइक से घर लौट रहा था. पोस्टमार्टम में गला दबाने यानी स्मूथरिंग से मौत की बात सामने आई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात इमाम नाजिम अपनी ससुराल जहीरपुर गांव जा रहा था. हरेटीजहीरपुर मार्ग पर रोहन सड़क के पास मौजूद था. पुलिस के अनुसार नाजिम ने रोहन को बदमाश समझकर अपनी कार से टक्कर मार दी.
इसके बाद नाजिम अपने साले शावेज के पास चला गया. कुछ देर बाद दोनों उसी रास्ते से वापस लौटे तो रोहन घायल हालत में सड़क पर पड़ा मिला. पुलिस का दावा है कि नाजिम को डर था कि रोहन उसे पहचान लेगा और घटना की जानकारी पुलिस को दे देगा. इसी डर के चलते दोनों ने रोहन का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी.
शव को नाली के पास फेंका
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने रोहन के शव को नाली और उसके आसपास ठिकाने लगाने की कोशिश की. इसके बाद वे उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घड़ी अपने साथ ले गए. पुलिस का दावा है कि मोटरसाइकिल को हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में एक मस्जिद के पास छिपाकर रखा गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला. पुलिस के अनुसार फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां सामने आईं और मृतक तथा आरोपियों की लोकेशन भी तकनीकी जांच में एक स्थान पर मिली.
मुठभेड़ में दोनों के पैर में लगी गोली
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक पुलिस टीम संदिग्ध बाइक सवारों की चेकिंग कर रही थी. पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी. घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर उपचार कराया गया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रोहन की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घड़ी, एक कार, दो तमंचे और कारतूस बरामद करने का दावा किया है.
नाजिम इमाम, शावेज कर रहा पढ़ाई
पुलिस के मुताबिक नाजिम लक्सर, हरिद्वार का रहने वाला है और मस्जिद में नमाज कराने का काम करता है. उसका साला शावेज देवबंद क्षेत्र के जहीरपुर गांव का निवासी है और पढ़ाई कर रहा है. पुलिस के अनुसार दोनों का फिलहाल कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. एसएसपी ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब बरामद साक्ष्यों, CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है.