उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक छोटेलाल वर्मा का आज गुरुवार शाम को निधन हो गया. बताया जा रहा है कि छोटेलाल को हर्ट अटैक पड़ा जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी. वह पिछले कुछ दिन से बीमार चल रहे थे और तबीयत में सुधार नहीं होने पर उन्हें दिल्ली के लिए रेफर किया गया था. लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छोटेलाल के निधन पर शोक जताया है.

फतेहाबाद विधानसभा सीट से विधायक छोटेलाल वर्मा को 2 दिन पहले बुखार हो गया था. इसके बाद उन्हें उपाध्याय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां पर हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उन्हें आज दिन में ही दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया. उन्हें तेज बुखार हो गया था.
छोटेलाल के निधन पर CM योगी ने जताया शोक
हालांकि उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, डॉक्टरों ने तत्काल उनका इलाज भी शुरू कर दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनके निधन से समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है. उनके प्रशंसक उन्हें ‘छोटेलाल विधायक’ के नाम से बुलाया करते थे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छोटेलाल के निधन पर शोक जताया. उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, “जिला आगरा के फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र के माननीय विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.”
जनपद आगरा के फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री छोटे लाल वर्मा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
— Yogi Adityanath September 24, 2026
उनके निधन पर फतेहपुर सिकरी से बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर ने दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर कहा, “अत्यंत दुःखद समाचार. फतेहाबाद के लोकप्रिय विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें.”
अत्यंत दुःखद समाचार।
फतेहाबाद के लोकप्रिय विधायक श्री छोटेलाल वर्मा जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है।
ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति।
pic.twitter.com/5ZpsMAgkp1
— MP Rajkumar chahar राजकुमार चाहर September 24, 2026
बीजेपी से हुई थी राजनीतिक करियर की शुरुआत
आगरा के कद्दावर नेताओं में शुमार किए जाने वाले छोटेलाल वर्मा का जन्म नगला देवहंस गांव में हुआ था. उन्होंने यहां के जनता इंटर कॉलेज से छठी तक की पढ़ाई की. धीरेधीरे वह राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में पहला चुनाव साल 1993 में लड़ा था.
बीजेपी ने छोटेलाल को फतेहाबाद विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया और वह विधायक भी चुन लिए गए. लेकिन बाद में वह बीजेपी छोड़कर बहुजन समाज पार्टी में चले गए. मायावती के साथ काम करते हुए उन्होंने बसपा के टिकट पर 2 बार चुनाव में जीत हासिल की. वह 2002 और 2012 में फतेहाबाद सीट से बसपा के विधायक बने. 2012 के चुनाव में मुकाबला बेहद कड़ा था और महज 699 मतों के अंतर से जीत मिली थी.
हालांकि उत्तर प्रदेश में 2017 के चुनाव से करीब एक साल पहले वह 2016 में बसपा छोड़कर बीजेपी में आ गए. 2022 के चुनाव में छोटेलाल वर्मा चौथी बार फतेहाबाद सीट से जीत हासिल करने में कामयाब रहे. तब उन्हें 53 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल हुई थी.