Tomorrow Weather News: मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में भारत के ऊपर एक साथ 5 ‘साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ सक्रिय हैं, जिसके चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी रहेगा. जहां एक ओर उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम खुशनुमा बना हुआ है, वहीं राजस्थान में 9 मई से भीषण लू की वापसी की चेतावनी दी गई है. दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट है. जानें आपके शहर में अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.

मई की झुलसा देने वाली गर्मी के बजाए पहला हफ्ता कूल-कूल निकला है. बीते दोनों महीने भी गर्मी के बजाए बारिश और आंधी के बीत गुजरे थे. मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक भारत में इस समय एक-दो नहीं बल्कि पूरे 5 साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) सक्रिय हैं. ये पांचों घेरे अलग-अलग दिशाओं से नमी खींच रहे हैं, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है.
बिहार से दिल्ली तक के मौसम में काफी बदलाव आने वाला है. मौसम विभाग ने बताया कि अभी गर्मी से राहत मिलती रहेगी. बिहार से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक अगले कुछ दिनों तक मौसम मेहरबान रहने वाला है. बिहार में 6 मई से शुरू हुआ बारिश और गरज-चमक का सिलसिला 10 मई तक जारी रहने की संभावना है. 6 मई को यहां कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई थी. यानी अगले 3-4 दिन यहां तापमान नियंत्रित रहेगा.
Khabar Monkey
दिल्ली-एनसीआर में 7 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे और शाम को ठंडी हवाएं चल सकती हैं. आईएमडी के अनुसार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 6 और 7 मई को छिटपुट बारिश और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. इसके बाद 10 से 12 मई के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, जिससे दिल्ली फिर से ‘कूल’ हो जाएगी.
उत्तर प्रदेश (यूपी) में 7 मई को कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. हालांकि, पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रह सकता है, लेकिन पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही से राहत रहेगी. उत्तराखंड में 6 से 8 मई तक बारिश और तेज हवाओं का दौर रहेगा. उत्तर प्रदेश में 7 मई को धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है.
असम, मेघालय, नगालैंड और मणिपुर में 7 से 8 मई तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 मई तक झमाझम बारिश का अनुमान है. 9 मई को गंगीय पश्चिम बंगाल में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ‘थंडरस्क्वाल’ आने का खतरा है.
जहां देश के बाकी हिस्सों में बारिश की राहत है, वहीं राजस्थान के लिए खबर अच्छी नहीं है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 मई से पश्चिमी राजस्थान में एक बार फिर हीटवेव (Heatwave) की स्थिति बनेगी. तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. हालांकि, बुधवार (7 मई) को कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन यह राहत केवल 8 मई तक ही टिकेगी.
पश्चिमी विक्षोभ हटने वाला है, जिससे पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में बादल कम हो गए हैं. उत्तर राजस्थान और पंजाब क्षेत्र में एक शुष्क चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसी से एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ मध्य उत्तर प्रदेश तक फैली है, जो अगले दो दिनों में दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक और हल्की बारिश करवा सकती है. हालांकि पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर मैदानी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा. इन क्षेत्रों में हवाओं की रुख की वजह से तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि, तापमान सामान्य से थोड़ा कम ही रहेगा.
2026 में मार्च और अप्रैल में भारतीय समुद्रों में कोई भी तूफान नहीं बना. लेकिन, मौसम विभाग का पूर्वानु्मान है कि अरब सागर में एक नया सिस्टम विकसित हो सकता है. स्काईमेट वेदर के अनुसार, संभावना है कि 10 मई के आसपास दक्षिण-पूर्व अरब सागर के भूमध्यरेखीय क्षेत्र में एक चक्रवाती भंवर बन सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए अभी 48 से 72 घंटे का समय लगेगा. आमतौर पर इस तरह के तूफान अफ्रीका के हॉर्न (सोमालिया तट) की ओर बढ़ते हैं, जो इस बार भी संभावित दिशा हो सकती है.
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां जोर पकड़ रही हैं. झुलसाती गर्मी से राहत के संकेत हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सात दिनों तक केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. विशेष रूप से 7 और 8 मई को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. बिहार में 10 मई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है. सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 9 मई को 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 10 मई तक झमाझम बारिश होगी.





