Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद अजीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स एसपी ऑफिस पहुंचा. वो काफी दुखी थी. उससे वहां आने का कारण पूछा तो वो फफक पड़ा. उसने अपनी पत्नी से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई. आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को भी उसी के घर में साथ रखने की जिद पर अड़ी थी. जब पति ने इसका विरोध किया, तो पत्नी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बच्चों को लेकर फरार हो गई.

ग्वालियर के सिकंदर कंपू इलाके के रहने वाले राजकुमार कुशवाह ने बताया कि उनकी शादी साल 2008 में पूनम कुशवाह के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी. दोनों की शादीशुदा जिंदगी अच्छी चल रही थी और उनके चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) भी हैं. शुरुआती सालों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद उनके वैवाहिक जीवन में कलह शुरू हो गई.
दो महीने बॉयफ्रेंड के साथ रहकर लौटी पत्नी
पीड़ित राजकुमार के मुताबिक, इसी साल 22 जनवरी 2026 को उसकी पत्नी अचानक बिना बताए घर से कहीं चली गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद मार्च 2026 में वह अचानक वापस लौट आई. घर लौटने पर जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार किया कि वह आशु उर्फ कमल सेन नाम के युवक के साथ रिलेशनशिप में है और पिछले दो महीने से उसी के साथ रह रही थी.
‘एक छत के नीचे रहेंगे तीनों’
राजकुमार का आरोप है कि लौटने के बाद पत्नी ने उसके सामने एक अजीब शर्त रख दी. पत्नी का कहना था कि अगर राजकुमार उसे अपने साथ रखना चाहता है, तो उसके बॉयफ्रेंड आशु को भी उसी घर में रहने की इजाजत देनी होगी. यानी पति और बॉयफ्रेंड दोनों एक ही छत के नीचे साथ रहेंगे. जब राजकुमार ने इस अनैतिक शर्त का कड़ा विरोध किया, तो घर में आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनने लगी.
ईंट से हमला कर सिर फोड़ा, झूठे केस की धमकी
Khabar Monkey
पीड़ित ने बताया कि 5 मई 2026 की सुबह पत्नी फिर से बिना बताए कहीं चली गई थी. जब वह दोपहर को लौटी, तो उसने राजकुमार को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी. विरोध करने पर पत्नी ने आपा खो दिया और पास ही पड़ी ईंट उठाकर राजकुमार के सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान हो गया.
जेवर, नकदी और बच्चों को लेकर फरार
मारपीट के बाद आरोपी पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी और अपने चारों बच्चों को समेटकर वहां से भाग गई. जाते-जाते उसने राजकुमार को जान से मारने की धमकी भी दी. घायल पति सिर पर पट्टी बांधकर न्याय के लिए एसपी ऑफिस की जनसुनवाई में पहुंचा.
सीएसपी अनुरागना सिरसाम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस महिला और बच्चों की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है.





