
Shubh Laabh: क्या आप भी सुबह उठते ही सबसे पहले आईना देखते हैं? कई लोगों को सुबह-सुबह अपना चेहरा बेहद फ्रेश और सुंदर लगता है, इसलिए वे दिन की शुरुआत शीशे में खुद को देखकर करते हैं. लेकिन ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में इस आदत को अच्छा नहीं माना गया है.
मान्यता है कि सुबह उठते ही आईना देखने से व्यक्ति की मेंटल एनर्जी पर असर पड़ता है और इसके कारण पूरे दिन मूड भी खराब हो सकता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, सुबह की पहली नजर बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. इसलिए सुबह उठते ही आपको आईने की जगह अपनी हथेलियां देखनी चाहिए.
क्यों नहीं देखना चाहिए सुबह-सुबह आईना?
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सुबह उठते ही इंसान की मानसिक स्थिति बेहद संवेदनशील होती है. उस समय यदि व्यक्ति खुद को थके हुए या अस्त-व्यस्त रूप में देखता है तो इसका असर उसके आत्मविश्वास और मूड पर पड़ सकता है. माना जाता है कि इससे दिनभर आलस्य, चिड़चिड़ापन या मानसिक दबाव महसूस हो सकता है.
वास्तु शास्त्र में भी बेड के ठीक सामने आईना लगाने को सही नहीं माना गया है. कहा जाता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित होती है और घर में तनाव का माहौल बन सकता है. खासतौर पर सुबह उठते ही आईने में अपनी परछाई देखना ऊर्जा के असंतुलन का कारण माना जाता है.
क्या करें अगर कमरे में आईना हो?
अगर आपके कमरे में आईना लगा है और उसे हटाना संभव नहीं है, तो रात में उसे कपड़े से ढकने की सलाह दी जाती है. साथ ही कोशिश करें कि उठते ही कुछ मिनट शांत बैठें, पानी पिएं और सकारात्मक सोच के साथ दिन की शुरुआत करें.
सुबह उठकर क्या देखना माना जाता है शुभ?
धार्मिक मान्यताओं में सुबह उठते ही अपनी हथेलियां देखना शुभ माना गया है. ऐसा कहा जाता है कि हाथों में देवी लक्ष्मी, सरस्वती और भगवान विष्णु का वास होता है. इसके अलावा भगवान की तस्वीर, उगता सूरज या हरियाली देखना भी सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है.





