Lucknow News: लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज कुछ महीनों बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. ये केस हूबहू भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री जैसा ही है. काशी विहार कॉलोनी में रहने वाली 29 वर्षीय श्वेता सिंह का शव सोमवार सुबह उनके ससुराल में फंदे से लटका हुआ पाया गया. इस घटना के बाद से ही मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है. श्वेता के माता-पिता और भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, श्वेता सिंह की शादी पिछले साल 22 नवंबर 2025 को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के काशी विहार निवासी शिवम सिंह के साथ हुई थी. शिवम एक निजी लैब में काम करता है. श्वेता का मायका भी ठाकुरगंज के ही विश्वनगर मल्हाई टोला में स्थित है. मृतका के पिता उमेश कुमार सिंह ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी खुश नहीं थी. ससुराल वाले लगातार कीमती सामान और दहेज की मांग को लेकर श्वेता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.
इस दुखद घटना से कुछ घंटे पहले तक सब कुछ सामान्य लग रहा था. श्वेता के भाई आशुतोष सिंह ने बताया कि उनकी मां सविता सिंह की तबीयत खराब होने के कारण वे एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं. श्वेता शनिवार रात को अस्पताल में अपनी मां से मिलने आई थी और उनका हाल-चाल जानने के बाद वापस अपने ससुराल लौट गई थी. रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक ससुराल पक्ष से मायके वालों को फोन आया कि श्वेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि इस पूरी घटना में बड़ी साजिश रची गई है. जब तक मायके के लोग श्वेता के ससुराल पहुंचे, तब तक ससुराल वालों ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को फंदे से नीचे उतार दिया था और उसे आनन-फानन में केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर ले गए थे. श्वेता की बहन ज्योति सिंह ने बताया कि रविवार सुबह ही उसकी श्वेता से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी, जिसमें उसने किसी भी तनाव का जिक्र नहीं किया था. पिता उमेश कुमार सिंह की तहरीर पर ठाकुरगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Khabar Monkey
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामला
12 मई को भोपाल में ट्विशा शर्मा की भी संदिग्ध मौत हो गई थी उनके ससुराल में. जहां ससुरालियों ने इसे सुसाइड बताया. वहीं, उनके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की की पीठ ने सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि वह सुनिश्चित करेगी कि इस मामले की जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और पूर्वाग्रह रहित हो. इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को एफआईआर दर्ज की. सीबीआई ने उसके पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है.





