Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में होटल के खाने के बिल को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. कहासुनी के बाद दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. एक युवक की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया, जबकि दूसरे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के किंग रोड स्थित विद्या मंदिर के पास देर रात की बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक सैफ और ओवैस का शहजाद उर्फ बउवा और टिंकू प्रजापति के साथ होटल में खाने के बिल को लेकर विवाद हो गया. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि इसी दौरान शहजाद और टिंकू ने धारदार हथियार से सैफ और ओवैस पर हमला कर दिया.
खाने के बिल को लेकर हुआ था विवाद
हमले में सैफ के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जबकि ओवैस की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया. अचानक हुए हमले के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. घायलों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. ओवैस की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया. वहीं सैफ का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
पीड़ित ने दर्ज कराया केस
घटना के बाद घायल सैफ के पिता शकील खां ने सदर कोतवाली में तहरीर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर शहजाद उर्फ बउवा और टिंकू प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. सीओ राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि देर रात आपसी विवाद के दौरान दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी. परिजनों की तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस विवाद की पूरी वजह और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद घायल सैफ के पिता शकील खां ने सदर कोतवाली में तहरीर दी. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.