ग्लोबल मार्केट में कमजोरी और अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आज सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिली। बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 1850 रुपये टूटकर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1850 रुपये या 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। बताते चलें कि मंगलवार को सोने का भाव 1,61,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

सोने के वायदा भाव में भी गिरावट
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते की संभावनाओं पर चिंता बढ़ने के कारण, वायदा कारोबार में सोने की कीमतें 562 रुपये टूटकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त की डिलीवरी वाले सोने का भाव 562 रुपये यानी 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,58,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 8,266 लॉट का कारोबार हुआ।
1500 रुपये सस्ती हुई चांदी
सोने के साथ ही, आज चांदी की कीमतें भी 1500 रुपये या 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गईं। मंगलवार को चांदी की कीमत 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। आज विदेशी बाजारों में गिरावट के कारण वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 2757 रुपये टूटकर 2.63 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। MCX पर चांदी के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 2757 रुपये यानी 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,63,950 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
Khabar Monkey
मिडिल-ईस्ट के मौजूदा हालातों की वजह से गिर रही कीमतें
लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट, गौरव गर्ग ने कहा कि बुधवार को घरेलू बाजारों में सोने और चांदी की कीमतें गिर गईं, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है। इससे लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरें बने रहने की आशंका पैदा हो गई है। जिसका असर कीमती धातुओं पर पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 0.54 प्रतिशत टूटकर 4463.84 डॉलर प्रति औंस रह गया और चांदी एक प्रतिशत टूटकर 74.43 डॉलर प्रति औंस रह गई। मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा कि सोने की कीमतें दबाव में थीं, क्योंकि अमेरिका-ईरान समझौता अभी भी दूर की कौड़ी बना हुआ है।












