कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना स्थित मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ (42 साल) की बुधवार रात 10.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर स्कॉर्पियो से लौट रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे थे। उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी था। कोलकाता से करीब 20 किलोमीटर दूर डोलतला से मध्यमग्राम के बीच एक कार पीछे से आई और स्कॉर्पियो के सामने जाकर रास्ता रोक दिया।
फिर एक बाइक पर हमलावर आया और स्कॉर्पियो की बाईं तरफ से 6 से 10 राउंड फायरिंग की। चंद्रनाथ को 4 गोलियां लगीं। इनमें दो गोलियां सीने से आर-पार हो गईं। एक गोली पेट में लगी। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा को भी गोली लगी।
घटना के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रनाथ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत गंभीर है। भाजपा ने TMC पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
Khabar Monkey
फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट के मुताबिक, हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। इस तरह के मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल कोई आम अपराधी नहीं करते। जिस तरह से हमला हुआ, उसे कोई प्रोफेशनल शूटर ही अंजाम दे सकता है।
बाइक सवार हमलावर हेलमेट पहने हुए था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने मौके से वह कार जब्त की है, जिससे स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था। हालांकि, उस पर लगा नंबर प्लेट फर्जी निकला।
चंद्रनाथ रथ पर फायरिंग के करीब 1 घंटे बाद रात करीब 12.30 बजे बशीरहाट जिले में रोहित रॉय नाम के भाजपा कार्यकर्ता पर फायरिंग हुई। उनकी हालत गंभीर है। राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजों के बाद अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें 3 भाजपा और 2 TMC से जुड़े थे।
सुवेंदु अधिकारी बोले- 2-3 दिनों तक रेकी के बाद हुई हत्या
सुवेंदु अधिकारी ने PA की हत्या को प्लान्ड मर्डर बताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा बंगाल में गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी।
TMC ने मामले की CBI जांच की मांग की
TMC ने सुवेंदु के PA की हत्या के पीछे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने के आरोपों का खंडन करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बुधवार देर रात स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा-
हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की निंदा करते हैं। हम इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराई जाए। अन्य भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं की हत्या की भी जांच कराई जाए।





