Sukanya Samriddhi Yojana: हर मातापिता का सपना होता है कि उनकी बेटी की आगे की पढ़ाई या भविष्य के बड़े खर्चों में पैसे की कमी कभी आड़े न आए. अगर आप भी अपनी बेटी के लिए एक मजबूत आर्थिक सुरक्षा तैयार करना चाहते हैं, तो सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना आपके लिए एक भरोसेमंद विकल्प है. सरकार के समर्थन वाली ये बचत योजना अक्टूबरदिसंबर 2026 की तिमाही के लिए 8.2% का शानदार सालाना ब्याज दे रही है.

इस स्कीम की सबसे बड़ी खूबी इसका लंबा समय है. मातापिता या कानूनी अभिभावक 10 साल से कम उम्र की बेटी के नाम पर ये खाता खुलवा सकते हैं. इसमें आपको सिर्फ 15 साल तक ही पैसे जमा करने होते हैं, जबकि खाता खुलने की तारीख से 21 साल बाद पूरा होता है. लंबी अवधि होने की वजह से छोटीछोटी बचत भी वक्त के साथ एक बड़े फंड में बदल जाती है.
₹2,000 से ₹12,500 की मासिक बचत पर कितना बनेगा फंड?
सुकन्या समृद्धि योजना में आखिर में आपको कितने पैसे मिलेंगे, ये तीन बातों पर टिका होता है. पहली, आप हर महीने कितने पैसे डाल रहे हैं. दूसरी, उस दौरान ब्याज दर कितनी है. तीसरी, आपने कितने समय तक पैसा रखा है. अगर मान लें कि आप हर महीने की 5 तारीख से पहले पैसे जमा कर देते हैं और पूरे समय 8.2% की ब्याज दर बनी रहती है, तो अलगअलग रकम पर मिलने वाला अनुमानित रिटर्न कुछ इस तरह होगा.
| मासिक निवेश | 15 साल में कुल जमा | अनुमानित कुल ब्याज | मैच्योरिटी पर कुल रकम |
| ₹2,000 | ₹3.60 लाख | लगभग ₹7.49 लाख | लगभग ₹11.09 लाख |
| ₹5,000 | ₹9.00 लाख | लगभग ₹18.73 लाख | लगभग ₹27.73 लाख |
| ₹12,500 | ₹22.50 लाख | लगभग ₹46.83 लाख | लगभग ₹69.33 लाख |
इस हिसाब से देखें तो हर महीने सिर्फ ₹2,000 बचाकर आप अपनी बेटी के लिए ₹11 लाख से ज्यादा जोड़ सकते हैं. वहीं अगर आपका बजट हर महीने ₹5,000 का है, तो ये फंड करीब ₹27.73 लाख तक पहुंच सकता है. अधिकतम ₹12,500 हर महीने जमा करने पर लगभग ₹69.33 लाख का बड़ा कोष तैयार हो सकता है. हालांकि, यहां एक जरूरी बात ध्यान में रखना चाहिए. ये पूरा हिसाब सिर्फ एक उदाहरण है. सरकार हर तीन महीने में इस योजना की ब्याज दर की समीक्षा करती है. ऐसे में अगर आगे चलकर ब्याज दर बदलती है, तो मैच्योरिटी पर मिलने वाली असली रकम में फर्क आ सकता है.
15 साल बाद निवेश बंद होने पर भी कैसे बढ़ता है पैसा?
बहुत से लोग इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि जब 15 साल बाद पैसे जमा करना बंद हो जाता है, तो फंड इतना बड़ा कैसे बन जाता है. दरअसल, यही इस स्कीम की असली ताकत है. खाता खुलने के शुरुआती 15 साल तक ही मातापिता को इसमें पैसा डालना होता है. इसके बाद अगले 6 साल तक आपको अपनी जेब से एक रुपया भी जमा करने की जरूरत नहीं होती.
इन आखिरी 6 सालों के दौरान खाते में पहले से जमा पूरी रकम पर सरकार ब्याज देती रहती है. बिना कोई नया पैसा डाले ही जमा रकम पर लगातार ब्याज पर ब्याज मिलता रहता है. यही 6 साल का अतिरिक्त समय आपकी कुल जमा पूंजी को कई गुना बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है.
खाता खोलने से लेकर पैसे जमा करने तक के जरूरी नियम
बेटी के 10 साल का होने से पहले कभी भी ये खाता शुरू किया जा सकता है. इसे खोलने के लिए बहुत बड़ी रकम नहीं चाहिए. आप महज ₹250 के शुरुआती जमा के साथ खाता खुलवा सकते हैं. इसके बाद हर वित्त वर्ष में कम से कम ₹250 डालना जरूरी होता है ताकि खाता चालू रहे. एक वित्त वर्ष में अधिकतम ₹1.5 लाख तक जमा किए जा सकते हैं.
पैसे जमा करने के नियम भी काफी आसान रखे गए हैं. आप ₹50 के गुणक में कोई भी रकम जमा कर सकते हैं. इसके लिए हर महीने पैसे डालना अनिवार्य नहीं है. मातापिता अपनी सुविधा के हिसाब से सालाना सीमा के अंदर एक बार में पूरी रकम जमा कर सकते हैं या फिर साल भर में कई किस्तों में पैसे डाल सकते हैं. एक परिवार में आमतौर पर दो बेटियों के नाम पर अधिकतम दो खाते खोले जा सकते हैं. अगर जुड़वां या तीन बच्चे होते हैं, तो तय शर्तों के तहत इसमें कुछ खास छूट भी दी गई है.
पढ़ाई के लिए निकासी, टैक्स छूट का पूरा गणित
वैसे तो सुकन्या समृद्धि योजना लंबी अवधि की बचत के लिए बनाई गई है, लेकिन बेटी की आगे की पढ़ाई के लिए बीच में पैसे निकालने की सुविधा भी मिलती है. जब बेटी 18 साल की हो जाए या 10वीं कक्षा पास कर ले, इनमें से जो भी पहले हो, तब पढ़ाई के खर्च के लिए पैसे निकाले जा सकते हैं. पिछले वित्त वर्ष के अंत में खाते में जितनी रकम मौजूद होगी, उसका 50% तक निकाला जा सकता है. ये पैसा आप एक बार में ले सकते हैं या फिर पांच साल तक हर साल अधिकतम एक किस्त के रूप में निकाल सकते हैं. इसके लिए पढ़ाई के खर्च से जुड़े जरूरी कागजात दिखाने पड़ सकते हैं. इसके अलावा, बेटी के 18 साल पूरे होने के बाद शादी जैसे कुछ खास हालात में तय नियमों के तहत समय से पहले खाता बंद करने की इजाजत भी है.
टैक्स के मोर्चे पर भी ये योजना निवेशकों को तिहरा फायदा देती है. इसे ‘एग्जेंप्टएग्जेंप्टएग्जेंप्ट’ श्रेणी में रखा गया है. इसका मतलब है कि निवेश के तीनों चरणों में टैक्स से राहत मिलती है. एक वित्त वर्ष में ₹1.5 लाख तक के निवेश पर टैक्स छूट का लाभ लिया जा सकता है. हालांकि, यहां एक पेंच है. ये टैक्स छूट केवल पुरानी टैक्स व्यवस्था चुनने वालों को ही मिलती है, नई टैक्स व्यवस्था में इसका फायदा नहीं मिलेगा. अच्छी बात ये है कि खाते पर मिलने वाला पूरा ब्याज और 21 साल बाद मिलने वाली मैच्योरिटी की रकम पूरी तरह टैक्सफ्री होती है.