गर्मियों में बालों को बांधने के लिए लड़कियां हेयर स्क्रंची का इस्तेमाल करती हैं। सिल्क, कॉटन से लेकर वेलवेट मटीरियल तक में मार्केट में कई तरह की स्क्रंची मिलती हैं। जरूरत और पसंद के मुताबिक महिलाएं इन्हें खरीदती हैं। रोजाना इस्तेमाल करने से इनमें पसीना, धूल, तेल चिपकने लगता है। धीरे-धीरे स्क्रंची इसे सोख लेती है।

इसलिए इसकी सफाई करना भी जरूरी होता है। क्या आपको पता है हर फैब्रिक की स्क्रंची को साफ करने का तरीका अलग होता है। गलत तरीके से धोने पर इसकी इलास्टिक ढीली पड़ सकती है या कपड़ा खराब हो सकता है। अगर आप रोजाना स्क्रंची का इस्तेमाल करती हैं, तो उसे हर 1 से 2 हफ्ते में एक बार साफ करना अच्छा माना जाता है। ऐसा करने से स्क्रंची लंबे समय तक नई जैसी बनी रहती है।
सिल्क स्क्रंची
अगर आपकी स्क्रंची सिल्क फैब्रिक में है तो इसे साफ करने के लिए एक कटोरे में पानी लें। फिर इसमें कुछ बूंदें माइल्ड शैम्पू या सिल्क-फ्रेंडली लिक्विड डिटर्जेंट डालें। स्क्रंची को 5 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद उंगलियों से हल्के-हल्के साफ करें। फिर साफ पानी से धो लें। इसे तेज धूप में न सुखाएं।
कॉटन स्क्रंची
कॉटन स्क्रंची को साफ करना आसान होता है। इसे साफ करने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं। स्क्रंची को 10 मिनट तक भिगोकर रखें। अगर दाग हैं तो पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें। फिर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसे धोने के लिए बार-बार ब्लीच का इस्तेमाल न करें। इससे रंग फीका पड़ सकता है।
Khabar Monkey
वेलवेट स्क्रंची
वेलवेट पर ज्यादा रगड़ लगाने से उसका मुलायम टेक्सचर खराब हो सकता है। सबसे पहले एक कटोरी पानी में थोड़ा बेबी शैम्पू मिलाएं। फिर मुलायम कपड़े को इस घोल में भिगोकर हल्के हाथों से स्क्रंची की सतह साफ करें। अगर यह ज्यादा गंदगी हो तो 2-3 मिनट के लिए पानी में डुबो सकते हैं। साफ पानी से हल्के हाथों से धो लें। वेलवेट को जोर से न रगड़ें। इन्हें वॉशिंग मशीन में न डालें।












