Fruit Ice Cream Recipe at Home: गर्मियों के समय ठंडी और स्वादिष्ट आइसक्रीम खाने का मन हर किसी का करता है। खासतौर पर बच्चों से लेकर बड़ों तक को फ्रूट आइसक्रीम का स्वाद पसंद आता है। हालांकि बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम में कई तरह के प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल होता है। ऐसे में आप घर पर आसान और हेल्दी तरीके से आइसक्रीम बना सकते हैं।

मशहूर शेफ पंकज भदौरिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक खास रेसिपी शेयर की है। जिसमें उन्होंने सिर्फ 3 सामग्री की मदद से आइसक्रीम बनाने का तरीका बताया है। उन्होंने मैंगो आइसक्रीम की आसान रेसिपी शेयर की है। आपको अगर आम नहीं पसंद है तो उसकी जगह पपीता, स्ट्रॉबेरी, पाइनएप्पल, खरबूजे या केला जैसे फलों की प्यूरी के साथ अलग-अलग फ्लेवर की आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं। अगर आप घर पर बिना मेहनत के क्रीमी और स्वादिष्ट डेजर्ट बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं।
आइसक्रीम बनाने की सामग्री
आम- 2
व्हिपिंग क्रीम – 1 कप
कंडेंस्ड मिल्क – आधा कप
ऐसे बनाएं आइसक्रीम
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले आम को अच्छे तरह से धोकर छील लें और टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें मिक्सर में डालकर स्मूद पेस्ट तैयार करें। इसके साथ ही कुछ आम के टुकड़ों को अलग रख सकते हैं जो बाद में गार्निशिंग के काम आएंगे।
अब एक बाउल में व्हिपिंग क्रीम लें और उसे अच्छी तरह से फेंट लें। क्रीम को तब तक व्हिप करें जब तक यह स्टिफ न हो जाए। अब इस क्रीम में कंडेंस्ड मिल्क और आम के पेस्ट को डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। जिससे एक क्रीमी मिश्रण तैयार किया जा सके।
अब इस तैयार मिश्रण को किसी फ्रीजर सेफ कंटेनर में डालें और ऊपर से बचे हुए आम के टुकड़े डालकर गार्निश करें। इसे ढककर करीब 6 से 8 घंटे तक फ्रीजर में रख दें। जब आइसक्रीम पूरी तरह से सेट हो जाए तो उसे निकालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।
Khabar Monkey
इन फलों से भी बना सकते हैं आइसक्रीम
अगर आपको आम पसंद नहीं है या कोई दूसरे फल की आइसक्रीम खाना चाहते हैं तो आम की प्यूरी की जगह आप केला, पपीता, स्ट्रॉबेरी या पाइनएप्पल जैसे फलों की प्यूरी बनाकर क्रीमी आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं। घर पर सिर्फ इन 3 चीजों की मदद से आप स्वादिष्ट डेजर्ट बना सकते हैं।





