Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली से गर्लफ्रेंड के शौक और मौजमस्ती के लिए रुपये जुटाने के चक्कर में दो भाइयों ने ऑटो चालक को लूट लिया. दोनों पहले सवारी बनकर ऑटो में बैठे और रास्ते में ऐसी जगह तलाशते रहे, जहां वारदात के बाद आसानी से भाग सकें. बहेड़ी के जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक से रूट बदलवाकर सुनसान रास्ते पर ऑटो ले जाने को कहा. मौका मिलते ही पीछे बैठे एक आरोपी ने चालक के सिर पर करीब दो किलो का लोहे का बाट मार दिया. दूसरे ने गले में गमछा डालकर खींचा और घायल चालक को सड़क पर गिराकर ऑटो लेकर फरार हो गए. बरेली के भोजीपुरा थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. उनका एक साथी अभी फरार है.

पुलिस के मुताबिक, सुभाषनगर के सनिया धन सिंह निवासी सग्गन ऑटो चलाते हैं. 27 अगस्त की रात सेमीखेड़ा निवासी विशाल उर्फ छोटू, उसका भाई भारत रत्न और उनका साथी शिवम बाइक से बरेली आए थे. तीनों ने ऑटो लूटने की योजना बनाई. सिटी स्टेशन पर उन्होंने सग्गन का ऑटो जादौपुर जाने के लिए 500 रुपये में बुक किया. शिवम और भारत रत्न ऑटो में बैठ गए, जबकि विशाल अपनी बाइक से पीछे चलने लगा.
सुनसान जगह पर किया हमला
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी ऑटो में बैठकर रास्ते में ऐसी जगह तलाश रहे थे, जहां चालक को आसानी से निशाना बनाया जा सके. जादौपुर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक को वसुंधरा ढाल से शेरगढ़ की तरफ जाने वाले रास्ते पर चलने के लिए कहा. रात का समय होने के कारण रास्ता सुनसान था.
पुलिस के अनुसार, सुनसान जगह पहुंचते ही शिवम ने थैले से करीब दो किलो का लोहे का बाट निकाला और चालक के सिर पर पीछे से वार कर दिया. इसी दौरान भारत रत्न ने सग्गन के गले में गमछा डालकर उसे पीछे की ओर खींचा. अचानक हुए हमले से चालक ऑटो रोककर सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद दोनों आरोपी ऑटो लेकर भाग गए और विशाल बाइक से उनके पीछे चलता रहा.
दुकान में छिपा दिया ऑटो
वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर सेमीखेड़ा पहुंचे. पुलिस का कहना है कि विशाल और भारत रत्न ने लूटे गए ऑटो को अपनी दुकानों के अंदर छिपा दिया था. उनकी योजना कुछ दिन मामला शांत होने के बाद ऑटो को बेचने या किसी दूसरे तरीके से ठिकाने लगाने की थी. चालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. रविवार तड़के तीनों आरोपी सेमीखेड़ा से बरौर जाने वाले रास्ते पर पेट्रोल पंप के पास मिले.
पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 2:12 बजे विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को पकड़ लिया. पुलिस को देखते ही शिवम भाग निकला. उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस ने दोनों भाइयों के पास से सग्गन का लूटा हुआ ऑटो यूपी 25 जेटी 0829 बरामद कर लिया. तलाशी के दौरान 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी मिले. इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है.
दो सगे भाई अरेस्ट
एसपी साउथ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपी बेरोजगार हैं और रुपये जुटाने के लिए लूट की योजना बनाई थी. दोनों भाइयों के खिलाफ वर्ष 2025 में देवरनियां थाने में भी मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है. रविवार को एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया. पुलिस टीम अब फरार आरोपी शिवम की तलाश में जुटी है.