Ramnagar News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले अंतर्गत रामनगर से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां महज चार महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 18 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार शाम को महिला के ससुराल वाले उसे गंभीर हालत में रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की गर्दन पर चोट या फंदे के निशान पाए गए हैं. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने पति उवेश को हिरासत में ले लिया है.

मृतका कोहिनूर मूल रूप से जसपुर की रहने वाली थी. उसकी शादी चार महीने पहले रामनगर के ऊंटपड़ाव स्थित गैस गोदाम रोड खताड़ी निवासी उवेश के साथ हुई थी. नवविवाहिता की अचानक मौत की खबर मिलते ही जसपुर से मायके वाले रामनगर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल परिसर में मृतका की मां और परिजनों की चीखपुकार से मातम पसर गया.
गर्दन पर मिले संदिग्ध निशान, डॉक्टरों ने जताया संदेह
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. सारिक ने बताया कि जब महिला को अस्पताल लाया गया तो उसकी सांसें थम चुकी थीं. डॉक्टरों के अनुसार मृतका की गर्दन पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे मामला आत्महत्या या हत्या की ओर इशारा कर रहा है. प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी.
मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
मृतका के मौसा नदीम और अन्य परिजनों ने ससुराल वालों पर संगीन आरोप लगाए हैं. मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही कोहिनूर को ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों ने आरोप लगाया है कि कोहिनूर की हत्या की गई है और सच्चाई छिपाने के लिए उसे अस्पताल लाया गया. परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पति उवेश हिरासत में, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मनीषा मरकाना प्रशासनिक टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं और कानूनी प्रक्रियाओं का जायजा लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति उवेश को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा.