हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन वॉटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड (एचएमडब्ल्यूएसएसबी) ने निर्देशक एस एस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ के लिए पानी की बड़ी मांग को खारिज कर दिया है।

फिल्म की निर्माण कंपनी श्री दुर्गा आर्ट्स ने 24 अप्रैल को बोर्ड को पत्र लिखकर 10-10 हजार लीटर के 150 पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। यह पानी गगनपहाड़ स्थित फिल्म सिटी में बनाए गए तालाब को भरने के लिए मांगा गया था, जहां अंडरवॉटर शूटिंग होनी थी। कुल मिलाकर करीब 15 लाख लीटर पानी की आवश्यकता बताई गई थी।
लेकिन अधिकारियों ने इस अनुरोध को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि हैदराबाद में इस समय भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी चल रही है। शहर में पहले से ही टैंकरों की मांग बहुत अधिक है, इसलिए इतनी बड़ी मात्रा में पानी उपलब्ध कराना संभव नहीं है। बोर्ड के प्रबंध निदेशक के. अशोक रेड्डी ने यह भी साफ किया कि फिल्म इकाई को पानी दिए जाने की खबरें गलत हैं।
Khabar Monkey
‘वाराणसी’ एक बड़े बजट की तेलुगु एक्शन-एडवेंचर फिल्म है, जिसमें महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म अपने भव्य स्तर के लिए चर्चा में है, जिसकी शूटिंग भारत के अलावा केन्या और अंटार्कटिका में भी की जा चुकी है। करीब 1400 करोड़ रुपये के बजट वाली यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म का संगीत एम एम कीरवानी तैयार कर रहे हैं और फिल्म 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होगी।





