निसान मोटर इंडिया की बिक्री के लिए अक्टूबर 2026 अच्छा रहा. कंपनी ने अक्टूबर में घरेलू बाजार में 3,600 गाड़ियां डीलरों को भेजीं. पिछले साल अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 2,402 यूनिट था. इस तरह कंपनी की घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. खास बात यह है कि निसान ने लगातार आठवें महीने अपनी बिक्री में सालाना बढ़त हासिल की है.

कंपनी की इस बढ़त के पीछे उसकी SUV पर बढ़ती पकड़ को एक बड़ी वजह माना जा रहा है. निसान के पोर्टफोलियो में Magnite, Gravite और नई Tekton जैसी गाड़ियां शामिल हैं. इनमें नई Nissan Tekton को कंपनी की भविष्य की रणनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है. कंपनी को उम्मीद है कि यह SUV भारतीय बाजार में उसकी पकड़ मजबूत करने में मदद करेगी.
एक्सपोर्ट में भी निसान का अच्छा प्रदर्शन
घरेलू बिक्री के अलावा निसान ने अक्टूबर में विदेशी बाजारों में भी अच्छी संख्या में गाड़ियां भेजीं. कंपनी ने इस दौरान 4,710 यूनिट का निर्यात किया. इससे पता चलता है कि भारत निसान के लिए सिर्फ बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि दूसरे देशों में गाड़ियां भेजने का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र है. जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच निसान ने घरेलू और विदेशी बाजारों को मिलाकर कुल 85,124 गाड़ियों की बिक्री और सप्लाई दर्ज की. कंपनी के मुताबिक, बेहतर बिक्री के पीछे नए मॉडल, डीलरशिप नेटवर्क का विस्तार और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने की कोशिशें शामिल हैं.
ग्लोबल स्ट्रेटजी के साथ उतरी निसान
निसान अपनी ग्लोबल स्ट्रेटजी ‘One Car. One World.’ पर भी काम कर रही है. इसके तहत भारत में बनने वाली गाड़ियों को घरेलू बाजार के साथ दूसरे देशों में भी बेचा जाता है. इन गाड़ियों में कंपनी के तय ग्लोबल क्वालिटी स्टैंडर्ड का पालन किया जाता है. भारतीय कार बाजार में मारुति सुजुकी, हुंडई, टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियों से निसान को कड़ी चुनौती मिल रही है. ऐसे में लगातार 8 महीने तक बिक्री बढ़ना कंपनी के लिए सकारात्मक संकेत है. अब देखना होगा कि Magnite, Gravite और नई Tekton के दम पर निसान आने वाले महीनों में अपनी बिक्री की रफ्तार कितनी बढ़ा पाती है.