उत्तर प्रदेश के लखीमपुर स्थित एक स्कूल में महिला टीचर की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या और फिर सुसाइड के मामले में एक नया एंगल सामने आया है. यह एंगल महिला टीचर और आरोपी सऊद के बीच संबंधों को लेकर है. इस संबंधित कुछ सोशल मीडिया पोस्ट भी वायरल हो रहे हैं. यह सभी पोस्ट सऊद द्वारा अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर डाले गए हैं. हालांकि पुलिस इस संबंध में अभी कुछ भी बोलने से बच रही है.

बता दें कि सोमवार की सुबह यहां शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में घुसकर आरोपी सऊद ने महिला टीचर निशात फातिमा को गोली मार दी. इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली. इस वारदात से स्कूल ही नहीं, पूरे जिले में हड़कंप मच गया. आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इस घटना के बाद अब आरोपी सऊद की सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रही हैं.
पुरानी हैं ये सभी पोस्ट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सऊद के इंस्टाग्राम अकाउंट के कई स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं. यह सभी पोस्ट काफी पुराने हैं. हालांकि इनमें से एक पोस्ट वारदात से कुछ घंटे पहले पोस्ट की है. इसमें सऊद अंसारी ने लोगों से माफी मांगते हुए लिखा है कि अगर उसकी अचानक मौत हो जाए तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया से हटा दी जाएं. इसमें उसने खुद के दुआ करने को भी कहा है. साथ ही उसने लिखा है कि अगर किसी को उसने जानबूझकर या अनजाने में दुख पहुंचाया हो तो वह उसे माफ कर दे.
क्यों वायरल हो रही पुरानी पोस्ट?
सऊद के इंस्टाग्राम एकाउंट के वायरल स्क्रीन शॉट में When you hear that Im no more और Use bhool ja, Use bhool ja जैसी पंक्तियां लिखी है. पोस्ट में एक युवक अकेला खड़ा है और बैकग्राउंड में सैड शांग बज रहा है. इसी के तरह के कई अन्य पोस्ट भी सऊद ने अपने एकाउंट पर डाले हैं. लोग इन सभी पोस्ट को ताजी घटना से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही.
दोनों के बीच संबंधों पर भी सवाल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी सऊद पूरी तैयारी के साथ स्कूल पहुंचा था. वह अपने साथ दो तमंचे लेकर गया था. अब तक की जांच में यह तो साफ हो गया है कि दोनों एक दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे, लेकिन इनके बीच संबंध कैसे थे, यह अभी साफ नहीं हो सका है. फिलहाल जांच एजेंसियां परिजनों, परिचितों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही हैं. इसके अलावा मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच हो रही है.