Best exercises for tech neck: मेट्रो में सफर करते वक्त से लेकर बेड पर लेटकर आराम करने तक, लोगों के हाथों से मोबाइल फोन शायद ही दूर होता है। आज के समय में घंटों मोबाइल चलाना, लैपटॉप पर काम करना और लगातार नीचे देखकर स्क्रीन इस्तेमाल करना आम बात हो गई है। जो लोग ज्यादा फोन चलाते हैं उनकी गर्दन में अकड़न, दर्द, भारीपन और कई बार सिरदर्द जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। लंबे समय तक गलत पोस्चर में बैठने से गर्दन की मांसपेशियों पर दबाव बढ़ जाता है। यहां कुछ नेक एक्सरसाइज बताई गई हैं जो गर्दन को रिलैक्स करने, स्ट्रेच देने और स्टिफनेस कम करने में मदद कर सकती हैं। हालांकि इन्हें सही तरीके और सावधानी के साथ करना जरूरी है।

नेक टिल्ट एक्सरसाइज (Neck Tilt Exercise)
इसे करने के लिए सबसे पहले सीधे बैठ जाएं और रीढ़ को सीधा रखें। अब धीरे-धीरे गर्दन को दाईं तरफ झुकाएं। इस दौरान कोशिश करें कि कान कंधे के करीब जाए।10-15 सेकंड तक इसी स्थिति में रहें। फिर गर्दन को सामान्य स्थिति में लाएं और दूसरी तरफ दोहराएं। इसे 4-5 बार कर कर सकते हैं। इसे करते समय आपको कुछ सावधानियां भी बरतनी है। गर्दन को झटके से न मोड़ें। कंधों को ऊपर न उठाएं। अगर तेज दर्द महसूस हो तो तुरंत रोक दें। सबसे जरूरी सर्वाइकल की समस्या वाले लोग बहुत ज्यादा स्ट्रेच न करें।
Khabar Monkey
चिन टक एक्सरसाइज (Chin Tuck Exercise)
इसे करने के लिए कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं। अब ठुड्डी (chin) को धीरे-धीरे अंदर की तरफ खींचें। ऐसा महसूस करें जैसे डबल चिन बना रहे हों। इसे 5-10 सेकंड तक होल्ड करें।फिर सामान्य स्थिति में आ जाएं। इसे आप 8-10 बार दोहरा सकते हैं। गर्दन को नीचे झुकाने की गलती न करें। एक्सरसाइज करते समय पीठ सीधी रखें।बहुत ज्यादा जोर लगाकर चिन अंदर न दबाएं। चक्कर आने पर तुरंत रुक जाएं।
नेक रोटेशन एक्सरसाइज (Neck Rotation Exercise)
इसे करने के लिए सबसे पहले आराम से बैठ जाएं। फिर अब गर्दन को धीरे-धीरे दाईं तरफ घुमाएं। जितना आराम से घूम सके उतना ही घुमाएं। एक बात का ध्यान रखें 10 सेकंड रुकें और फिर दूसरी तरफ करें। इसे 5-6 बार दोहराएं। इस दौरान गर्दन को तेजी से गोल-गोल न घुमाएं। दर्द होने पर गर्दन को फोर्स न करें। एक्सरसाइज करते समय सांस सामान्य रखें। स्पॉन्डिलाइटिस या पुरानी गर्दन की चोट वाले लोग डॉक्टर की सलाह के बाद करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए तैयार किया गया है। गर्दन दर्द, सर्वाइकल, स्पॉन्डिलाइटिस, चक्कर या किसी पुरानी चोट से जूझ रहे लोग कोई भी एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह जरूर लें। एक्सरसाइज के दौरान तेज दर्द, चक्कर या असहजता महसूस होने पर तुरंत रोक दें।





