HealthViral

रोजाना बादाम खाने से सुधर सकती है गट हेल्थ, मेटाबॉलिज्म में होगा सुधार और घट सकता है मोटापा, जानिए वैज्ञानिक रिसर्च

रोजाना बादाम खाना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है और अब एक नई वैज्ञानिक रिसर्च में भी इस बात की पुष्टि हुई है। npj Science of Food में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक हर दिन बादाम खाने से आंतों की सेहत, मेटाबॉलिज्म और भूख कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। यह रिसर्च अमेरिका के वैज्ञानिकों ने की, जिसमें अधिक वजन और मोटापे से परेशान 15 वयस्कों को शामिल किया गया। प्रतिभागियों को चार हफ्तों तक रोजाना लगभग 42.5 ग्राम बादाम खाने के लिए दिए गए और इसके असर की तुलना प्रोसेस्ड स्नैक्स वाली डाइट से की गई।

Khabar Monkey

रोजाना बादाम खाने से सुधर सकती है गट हेल्थ, मेटाबॉलिज्म में होगा सुधार और घट सकता है मोटापा, जानिए वैज्ञानिक रिसर्च
रोजाना बादाम खाने से सुधर सकती है गट हेल्थ, मेटाबॉलिज्म में होगा सुधार और घट सकता है मोटापा, जानिए वैज्ञानिक रिसर्च

यह स्टडी सिर्फ 15 लोगों पर और चार हफ्तों तक की गई थी। इसलिए वैज्ञानिकों का कहना है कि इन नतीजों की पूरी पुष्टि के लिए बड़े और लंबे समय तक चलने वाले अध्ययनों की जरूरत है। रिसर्च में वैज्ञानिकों ने प्रतिभागियों में कुछ बदलाव देखें है जिन्हें समझना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि रिसर्च के मुताबिक रोज बादाम खाने से सेहत में कौन-कौन से बदलाव आते हैं। 

बादाम खाने से आंतों की सेहत में होता है सुधार

रिसर्च में पाया गया कि जिन  लोगों ने रोज बादाम खाया उनकी गट हेल्थ में सुधार था। बादाम खाने से आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया की संख्या में बढ़ोतरी हुई। खासतौर पर Faecalibacterium prausnitzii नामक लाभकारी बैक्टीरिया में बढ़ोतरी देखी गई। यह बैक्टीरिया ब्यूटिरेट नाम का एक कंपाउंड बनाता है, जो बड़ी आंत को हेल्दी रखने और सूजन कम करने में मदद करता है। शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि बादाम खाने से कुछ ऐसे बैक्टीरिया कम हुए जो खराब गट हेल्थ से जुड़े माने जाते हैं।

मेटाबॉलिज्म और एनर्जी पर असर

स्टडी के दौरान वैज्ञानिकों ने ब्लड सैंपल्स की जांच की। इसमें पता चला कि बादाम खाने के बाद शरीर में 3-hydroxybutyrate नामक पदार्थ का स्तर बढ़ गया। यह फैट मेटाबॉलिज्म से जुड़ा कंपाउंड है, जो शरीर को ऊर्जा बनाने में मदद करता है। वैज्ञानिकों के अनुसार बादाम शरीर में हल्का “ketosis-like effect” पैदा कर सकते हैं, जिससे मेटाबॉलिक हेल्थ बेहतर हो सकती है।

सूजन कम करने में भी मददगार

रिसर्च में यह भी सामने आया कि बादाम खाने के बाद शरीर में सूजन से जुड़े कुछ मार्कर्स जैसे TNF-α और IL-1β का स्तर कम हुआ। इससे संकेत मिलता है कि बादाम मोटापे और मेटाबॉलिक तनाव से जुड़ी सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं।

भूख कंट्रोल करने में कैसे मदद करता है बादाम?

स्टडी में पाया गया कि बादाम खाने से GLP-1 और Peptide YY जैसे हार्मोन्स का स्तर बढ़ गया। ये हार्मोन पेट भरा हुआ महसूस कराने, भूख कम करने और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। दिलचस्प बात यह है कि GLP-1 वही हार्मोन है जिसे Ozempic और Wegovy जैसी दवाएं टारगेट करती हैं।

रोज कितना बादाम खाना सही?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक रोजाना एक मुट्ठी यानी करीब 40-45 ग्राम बादाम खाना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि बादाम में कैलोरी अच्छी मात्रा में होती है, इसलिए जरूरत से ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए।

बादाम के बॉडी के लिए और भी फायदे

बादाम पोषक तत्वों से भरपूर ड्राई फ्रूट है, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, विटामिन E, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं। रोजाना सीमित मात्रा में बादाम खाने से दिमाग तेज रखने, दिल को स्वस्थ रखने और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है। यह ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने में भी सहायक माना जाता है। बादाम पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराते हैं, जिससे भूख कम लगती है और वजन कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। यह पाचन और स्किन की रंगत सुधारने के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी वैज्ञानिक रिसर्च और हेल्थ रिपोर्ट्स पर आधारित है। अगर आपको डायबिटीज, मोटापा, नट्स से एलर्जी या कोई पुरानी बीमारी है, तो अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह जरूर लें।

Leave a Reply