Crime: इंटरनेट की दुनिया के पीछे छिपे एक ऐसे खौफनाक ‘डेथ मार्केट’ का पर्दाफाश हुआ है जिसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है. जानकारी के अनुसार, कनाडा के रहने वाले 60 साल के एक पूर्व शेफ केनेथ लॉ ने ऑनलाइन वेबसाइट्स के जरिए दुनिया के 40 से अधिक देशों में मौत का सामान (सुसाइड पैकेट) सप्लाई किया. शुक्रवार को ओंटारियो की न्यूमार्केट कोर्ट में जब इस मामले की सुनवाई हुई, तो आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उस पर इंटरनेट के जरिए डिप्रेशन और मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को निशाना बनाने और 100 से अधिक मौतों का जिम्मेदार होने का आरोप है.

‘हॉट सॉस’ के बिजनेस की आड़ में मौत का सौदा
अदालती दस्तावेजों से खुलासा हुआ है कि टोरंटो के एक होटल में कुक रह चुका केनेथ लॉ बेहद शातिर तरीके से इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था. पुलिस और जांच एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए उसने चार फर्जी कंपनियां और कई वेबसाइट्स बना रखी थीं. वह इन साइट्स पर जहर के साथ-साथ ‘हॉट सॉस’ और खाने-पीने का थोक सामान भी बेचता था, ताकि बाहरी दुनिया को लगे कि यह महज एक फूड-सप्लाई का साधारण बिजनेस है.
लेकिन पर्दे के पीछे का सच बेहद डरावना था. वह इंटरनेट पर आत्महत्या के तरीके ढूंढ रहे बेहद संवेदनशील और परेशान लोगों को खोजता और उन्हें घातक रसायनों के ‘सिल्वर पैकेट’ कूरियर के जरिए भेज देता था. इतना ही नहीं, वह पैकेट के साथ उसे इस्तेमाल करने का पूरा तरीका भी बताता था.
41 देशों में भेजे 1200 से ज्यादा पैकेट, कमाए करोड़ों रुपये
अंतरराष्ट्रीय जांच में सामने आया है कि कानून के शिकंजे में आने से पहले केनेथ दुनिया के 41 देशों में 1209 घातक पैकेट डिलीवर कर चुका था. इस खूनी कारोबार के जरिए उसने करीब 2,96,981 कनाडाई डॉलर (लगभग 1.8 करोड़ रुपये) की काली कमाई की, जो उसके शॉपिफाई (Shopify) और पेपाल (PayPal) खातों में जमा थी.
Khabar Monkey
अदालत में जब गूंजे 14 मासूमों के नाम, रो पड़े परिवार
सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम में भारी भीड़ मौजूद थी. सरकारी वकीलों और आरोपी के बीच हुए एक कानूनी समझौते के तहत केनेथ पर से सीधे हत्या के 14 आरोप हटा लिए गए, जिसके बदले उसने आत्महत्या के लिए उकसाने और सहायता करने के 14 मामलों में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. जब न्यायाधीश मिशेल फुर्स्ट के सामने उन 14 कनाडाई पीड़ितों के नाम पढ़े गए, जिनकी उम्र महज 16 से 36 साल के बीच थी, तो कोर्ट रूम में मौजूद उनके परिवारों के आंसू छलक पड़े. इस मामले में आरोपी केनेथ लॉ को आगामी सितंबर महीने में सजा सुनाई जाएगी.





