NCCIA : पाकिस्तान क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा मैदान के अंदर से ज्यादा बाहर के विवादों को लेकर सुर्खियों में है। खराब प्रदर्शन के बाद टीम से बाहर किए गए मोहम्मद रिजवान और इमामउलहक की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं। दोनों खिलाड़ियों से पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने कथित ड्रेसिंग रूम जानकारी लीक होने के मामले में पूछताछ की है।

ड्रेसिंग रूम लीक मामले में हुई पूछताछ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद रिजवान और इमामउलहक लाहौर स्थित NCCIA कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ हुई। जांच का फोकस इंग्लैंड दौरे के दौरान टीम के ड्रेसिंग रूम से कथित तौर पर बाहर पहुंची जानकारी और खिलाड़ियों की गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है।
NCCIA ने दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन से जुड़े डेटा की भी जांच शुरू की है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के फोन अपने कब्जे में लेकर संबंधित अधिकारियों को सौंपे थे। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी ओर से लिखित जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है।
रिजवानइमाम की टीम में वापसी पर भी सवाल
यह पूरा विवाद उस समय सामने आया है जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच बड़ा फैसला लेते हुए सात खिलाड़ियों को टीम से वापस भेज दिया था। इनमें मोहम्मद रिजवान और इमामउलहक भी शामिल थे। पाकिस्तान को पहले दो टेस्ट मैचों में करारी हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद PCB ने खिलाड़ियों के अनुशासन और आचरण को लेकर आंतरिक जांच शुरू करने की पुष्टि भी की थी। हालांकि, बोर्ड ने यह स्पष्ट नहीं किया था कि जांच में किन खिलाड़ियों को निशाना बनाया गया है।
क्या खत्म होने की कगार पर है दोनों का करियर?
रिजवान और इमाम पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं, लेकिन मौजूदा विवाद ने दोनों के अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि NCCIA की जांच और PCB की आंतरिक अनुशासनात्मक जांच के नतीजे अभी सामने नहीं आए हैं।
इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि दोनों खिलाड़ियों का करियर खत्म हो गया है। हालांकि, अगर जांच में कोई गंभीर तथ्य सामने आता है तो PCB की ओर से उनके खिलाफ कड़ा कदम उठाया जा सकता है। फिलहाल क्रिकेट फैंस की नजर NCCIA और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अगली कार्रवाई पर है।