संजय गांधी की मौत के बाद इंदिरा गांधी ने अपनी छोटी बहू मेनका को अपने साथ जोड़ने की पहल की थी. वे चाहती थीं कि 23 साल की मेनका उनका काम संभालने में मदद करें. उनके साथ यात्राओं पर जाएं. इसके लिए उन्होंने मेनका को अपना सचिव बनाने का प्रस्ताव दिया. मेनका ने हामी भी भर दी. लेकिन यह मुमकिन नहीं हो सका. घर की बड़ी बहू को यह मंजूर नहीं था. इंदिरा को अपना प्रस्ताव वापस लेना पड़ा.

यह कोई सामान्य पारिवारिक किस्सा नहीं है. इसके पीछे गांधी परिवार में राजनीतिक उत्तराधिकार की लड़ाई, दो बहुओं के बीच बदलते रिश्ते और संजय की मौत के बाद इंदिरा की मनःस्थिति की कहानी है.
इस घटनाक्रम का उल्लेख इंदिरा गांधी की करीबी मित्र पुपुल जयकर ने अपनी पुस्तक Indira Gandhi: A Biography में किया है. अप्रैल 1982 की इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट भी इस प्रस्ताव और उसके वापस लिए जाने का जिक्र करती है सोनिया गांधी की हाल में प्रकाशित आत्मकथा Belonging: A Journey of Love में भी मेनका प्रसंग का उल्लेख है. हालांकि सोनिया का वर्णन इस विवाद की अलग तस्वीर पेश करता है.
किशोरावस्था से इंदिरा की मित्र थीं पुपुल जयकर
पुपुल जयकर की इंदिरा से पहली मुलाकात 1931 में इलाहाबाद के आनंद भवन में हुई थी. तब पुपुल 16 साल की और इंदिरा तब 14 साल की थीं. पुपुल के पिता आई.सी.एस.थे. इलाहाबाद में तैनाती के दौरान नेहरू परिवार से उनका परिचय हुआ. पुपुल ने अपनी किताब में उस पहली मुलाकात को याद किया है. उनके अनुसार इंदिरा स्वभाव से संकोची और शांत थीं. जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में वे कुछ अलगथलग रहती थीं.
पुपुल जयकर और इंदिरा गांधी.
पुपुल 1955 में दिल्ली आईं तो दोनों की मित्रता और गहरी हुई. इंदिरा उस समय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की आधिकारिक मेजबान की भूमिका निभाती थीं. पुपुल के साथ भारतीय समाज, संस्कृति, कला और जीवन के विभिन्न पहलुओं पर इंदिरा की लंबी बातचीत होती थी. पुपुल इंदिरा की मित्र के साथ उनकी सांस्कृतिक सलाहकार भी रहीं. 1970 के दशक में इंदिरा ने पुपुल से कहा कि वे उनकी जीवन गाथा लिखें. पुपुल को हिचक थी. इंदिरा मित्र के साथ प्रधानमंत्री थीं. लिखना आसान नहीं था. पुपुल को मित्रता प्रभावित होने का भी अंदेशा था. हालांकि काफी बाद में पुपुल तैयार हुईं.
इंदिरा की हत्या से करीब पंद्रह दिन पहले पुपुल ने उनसे जीवनी के लिए बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव रखा. अगले चार दिनों में दो लंबे साक्षात्कार हुए. करीब चार घंटे की बातचीत टेप पर रिकॉर्ड हुई. इंदिरा ने निजी संबंधों और जीवन के उन पहलुओं पर भी बात की, जिनकी चर्चा वह सामान्यतः नहीं करती थीं. 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा की हत्या के साथ यह बातचीत अधूरी रह गई. पुपुल के पास वर्षों से इंदिरा के साथ हुई मुलाकातों की हस्तलिखित नोटबुक थीं. उन्होंने इन्हीं नोट्स, बातचीत और आखिरी रिकॉर्डिंग के आधार पर जीवनी तैयार की.इसलिए उनकी किताब में इंदिरा के बारे में केवल बाहरी लोगों की टिप्पणियां नहीं हैं. इसमें दशकों की मित्रता और निजी बातचीत की सामग्री भी है.
संजय की मौत के बाद इंदिरा की चिंता
23 जून 1980 को संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत हो गई. इंदिरा के लिए यह गहरा व्यक्तिगत आघात था. संजय केवल उनके छोटे बेटे नहीं थे. आपातकाल के दौरान वे उनके सबसे प्रभावशाली राजनीतिक सहयोगी बन चुके थे. पुपुल ने संजय की मौत के बाद के दिनों का विवरण देते हुए लिखा है कि इंदिरा के लिए यह सदमा असाधारण था. अंतिम संस्कार के समय मेनका उनके साथ थीं. लेकिन परिवार के सामने अब एक नया सवाल था. संजय की राजनीतिक विरासत का क्या होगा?
संजय गांधी.
संजय के समर्थक मेनका को राजनीतिक उत्तराधिकारी मानते थे. मेनका की मां अमतेश्वर आनंद भी बेटी की राजनीतिक भूमिका को लेकर सक्रिय थीं. इंदिरा इस स्थिति को लेकर असमंजस में थीं. एक तरफ वे संजय की युवा विधवा की चिंता कर रही थीं. दूसरी तरफ उन्हें परिवार और राजनीति में उभरती नई परिस्थितियों का सामना करना था. पुपुल के विवरण में यह भी सामने आता है कि इंदिरा को मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और उनके आसपास सक्रिय लोगों को लेकर आशंका थी.
मेनका को सचिव बनाने का प्रस्ताव
पुपुल की किताब में संजय की मौत के बाद के घटनाक्रम का विस्तार से जिक्र है. जुलाई 1980 में पुपुल दिल्ली लौटीं. उन्होंने इंदिरा के घर में बढ़ते तनाव को महसूस किया. उनके अनुसार शुरुआत में इंदिरा मेनका की निराशा और दुख को समझ रही थीं. वह चाहती थीं कि मेनका किसी काम में व्यस्त रहें. उन्होंने मेनका को अपना सचिव बनाने और साथ यात्राओं पर ले जाने का प्रस्ताव किया. इससे सोनिया नाराज हो गईं. जयकर आगे लिखती हैं कि सोनिया और इंदिरा के बीच पत्रों का आदानप्रदान हुआ. अंततः इंदिरा ने राजीव और उनके परिवार को ध्यान में रखते हुए मेनका को दिया गया प्रस्ताव वापस ले लिया.
मेनका गांधी.
सोनिया की आत्मकथा में अलग तस्वीर
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में इस पूरे दौर को अलग ढंग से याद किया है. उनके अनुसार संजय की मृत्यु के बाद मेनका की मां और संजय के कुछ समर्थक उन्हें राजनीतिक उत्तराधिकारी बनाने की कोशिश कर रहे थे. इंदिरा को यह स्वीकार नहीं था. सोनिया के विवरण में इंदिरा मानती थीं कि मेनका अभी बहुत छोटी हैं. उनका तीन महीने का बच्चा है. उन्हें पहले उसकी देखभाल करनी चाहिए. राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए आगे पूरा जीवन पड़ा है.
सोनिया की स्मृतियों में इंदिरा मेनका की राजनीतिक भूमिका को लेकर चिंतित दिखाई देती हैं. वह यह भी बताती हैं कि संजय की मृत्यु के बाद परिवार के भीतर तनाव बढ़ता गया. लेकिन यहां पुपुल की किताब से एक महत्त्वपूर्ण अंतर सामने आता है. पुपुल ने मेनका को सचिव बनाने, उनके साथ यात्राओं पर ले जाने और सोनिया की आपत्ति के बाद प्रस्ताव वापस लेने की बात दर्ज की है. सोनिया की आत्मकथा में ऐसे किसी प्रस्ताव अथवा इंदिरा जी की इच्छा का जिक्र नहीं है.
किताब के साथ सोनिया गांधी.
सचिव की पेशकश, पुपुल के अलावा भी पुष्टि के अन्य स्त्रोत
मेनका को सचिव बनाए जाने की इंदिरा गांधी की पेशकश की पुष्टि सुनील सेठी की 30 अप्रैल 1982 की इंडिया टुडे की रिपोर्ट भी करती है. सेठी ने उस समय इंदिरा और मेनका के बीच बढ़ते विवाद पर विस्तार से लिखा था. मेनका प्रधानमंत्री आवास छोड़ चुकी थीं. पारिवारिक विवाद सार्वजनिक हो चुका था.
रिपोर्ट में लिखा गया कि संजय की मौत के तुरंत बाद इंदिरा ने मेनका को अपना निजी सचिव बनाने की पेशकश की थी. मेनका ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था. लेकिन सोनिया की आपत्ति के बाद इसे वापस ले लिया गया. यह रिपोर्ट घटना के करीब दो साल बाद प्रकाशित हुई थी. इसलिए यह उस समय के सार्वजनिक घटनाक्रम का महत्त्वपूर्ण पत्रकारिता दस्तावेज है. पुपुल की जीवनी में दर्ज प्रसंग को इससे अलग समर्थन मिलता है.रिपोर्ट में एक और बात ध्यान देने योग्य है.
मेनका ने खुद पत्रकारों को बताया था कि संजय की मौत के बाद उन्हें कोई भी काम करने से रोका गया. पशु अस्पताल और पत्रिका शुरू करने के उनके प्रस्तावों को भी इंदिरा गांधी की अनुमति नहीं मिली थी.
संजय को लेकर भी दो अलग तस्वीरें
इस पूरे विवाद को समझने के लिए संजय गांधी के बारे में पुपुल और सोनिया की टिप्पणियां भी महत्त्वपूर्ण हैं. पुपुल लिखती हैं कि इंदिरा संजय पर असाधारण भरोसा करती थीं. वह उनके कान और आंख बन गए थे. इंदिरा ने बातचीत में संजय के बारे में कहा था कि उसकी जगह कोई नहीं ले सकता. वह उनका बेटा था, लेकिन उनका सहारा किसी बड़े भाई जैसा था.
संजय की कार्यशैली में तेजी, निर्णय लेने की क्षमता और राजनीतिक सक्रियता थी. इंदिरा को लगता था कि राजीव में संजय जैसी गतिशीलता नहीं है. संजय की मौत के बाद उनके आसपास एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ जिसे भरना आसान नहीं था.
सोनिया गांधी
संजय के विषय में इंदिरा की सोच का सच ?
सोनिया की आत्मकथा में संजय की दूसरी छवि नज़र आती है. सोनिया 1977 के चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राजीव और संजय के बीच हुई बातचीत का उल्लेख करती हैं. राजीव ने संजय को हार के लिए जिम्मेदार ठहराया था. उनके मुताबिक संजय की जिद, जल्दबाजी, बिना पर्याप्त विचार के कार्यक्रम लागू करने और अपनी मां की जानकारी के बिना आदेश देने की आदत ने इंदिरा को नुकसान पहुंचाया.
सोनिया के अनुसार उस बातचीत में इंदिरा ने भी राजीव की बात का समर्थन किया था. जहां पुपुल की किताब में इंदिरा की नजर से संजय का मजबूत सहारा बनने वाला रूप है. दूसरी तरफ सोनिया की स्मृतियों में संजय राजनीतिक जल्दबाजी के कारण परिवार के भीतर पैदा मतभेद सामने आते हैं.
फिर सोनिया पर निर्भरता बढ़ती गई
संजय की मौत के बाद इंदिरा के सामने सबसे बड़ी समस्या राजनीतिक और निजी दोनों स्तरों पर थी. संजय के समर्थक मेनका को आगे बढ़ाना चाहते थे. मेनका खुद भी अपनी राजनीतिक भूमिका देख रही थीं. दूसरी ओर राजीव राजनीति से दूर थे. सोनिया भी उन्हें राजनीति में आते नहीं देखना चाहती थीं.
पुपुल के अनुसार मेनका को सचिव बनाने का प्रस्ताव वापस लेने के बाद इंदिरा की निर्भरता सोनिया पर बढ़ने लगी. उन्हें अपने पास भरोसेमंद व्यक्ति और परिवार का सहारा चाहिए था. संजय की जगह कोई नहीं ले सकता था. लेकिन राजीव के परिवार से उन्हें भावनात्मक सहारा मिलने लगा. पुपुल लिखती हैं कि 1980 की शरद ऋतु से इंदिरा और सोनिया का रिश्ता बदलने लगा. वह सोनिया को केवल बहू की तरह नहीं, बेटी की तरह देखने लगीं. यह बदलाव मेनका के लिए सहज नहीं रहा होगा.
संजय के रहते परिवार में मेनका की स्थिति अलग थी. उनकी पहचान संजय की पत्नी के रूप में थी. उनकी राजनीतिक आकांक्षाएं भी उसी पहचान से जुड़ी थीं. संजय की मौत के बाद परिवार और राजनीति के समीकरण बदल गए. नतीजतन अप्रैल 1982 में मेनका को प्रधानमंत्री आवास छोड़ना पड़ा.