Finolex Cables Share: शेयर बाजार में कभी खुशी तो कभी गम का माहौल देखने को मिलता है. दिवाली के मौके पर रविवार को हुई एक घंटे की स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग में जिस शेयर ने निवेशकों की झोली भर दी थी, उसने सोमवार सुबह झटका दे दिया. हम बात कर रहे हैं फिनोलेक्स केबल्स के शेयरों की. रविवार के स्पेशल सेशन में 20 फीसदी का जोरदार उछाल मारकर अपर सर्किट छूने वाला ये शेयर सोमवार को बाजार खुलते ही 5 फीसदी लुढ़क गया. आमतौर पर मुहूर्त ट्रेडिंग के छोटे सेशन में ट्रेडिंग वॉल्यूम कम रहता है. रविवार को ये स्टॉक 1,309 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार सुबह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर ये फिसलकर 1,246 रुपये के स्तर पर आ गया. रविवार की उस तूफानी तेजी ने सिर्फ एक घंटे में कंपनी के मार्केट कैप में 3,334 करोड़ रुपये से ज्यादा जोड़ दिए थे. तूफानी तेजी के बाद ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और कीमतों में बैलेंस देखने को मिला, जिसकी वजह से रविवार की बढ़त का एक हिस्सा साफ हो गया.

तिमाही नतीजों के बाद बनी थी तूफानी तेजी
रविवार के छोटे से कारोबारी सेशन में आई इस जबरदस्त तेजी के पीछे कंपनी के शानदार तिमाही नतीजे थे. चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में फिनोलेक्स केबल्स का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 68 फीसदी उछलकर 273 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 163 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. सिर्फ मुनाफा ही नहीं, बल्कि कंपनी के कामकाज से होने वाली कमाई में भी बड़ा उछाल देखने को मिला. समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 65 फीसदी बढ़कर 2,269 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले की समान अवधि में ये आंकड़ा 1,376 करोड़ रुपये था.
केबल बिजनेस चमका पर कॉपर रॉड ने दिया झटका
कंपनी के अलगअलग बिजनेस सेगमेंट के प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर काफी दिलचस्प नजर आती है. फिनोलेक्स के इलेक्ट्रिकल केबल्स बिजनेस के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जिससे ये 1,960 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. वहीं, कम्युनिकेशन केबल्स से होने वाली कमाई दोगुनी से भी ज्यादा बढ़कर 230 करोड़ रुपये हो गई. लेकिन कंपनी के कॉपर रॉड्स बिजनेस में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कॉपर रॉड्स से मिलने वाला रेवेन्यू घटकर सिर्फ 63 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में ये आंकड़ा 485 करोड़ रुपये के मजबूत स्तर पर था.
अब खरीदें, बेचें या होल्ड करें?
शेयर में जारी इस उतारचढ़ाव के बीच निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब आगे क्या करना चाहिए. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने कंपनी के पहली तिमाही के नतीजों के बाद से ही इस स्टॉक पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है. ब्रोकरेज ने फिनोलेक्स केबल्स के शेयर के लिए 1,410 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है. रविवार के 1,309 रुपये के क्लोजिंग प्राइस से तुलना करें तो ये शेयर में करीब 8 फीसदी के और उछाल का संकेत देता है.
लॉन्ग टर्म में निवेशकों को मिला तगड़ा रिटर्न
इस शेयर के पुराने ट्रैक रिकॉर्ड को देखें तो इसने निवेशकों को निराश नहीं किया है. पिछले एक हफ्ते में फिनोलेक्स केबल्स के शेयर ने 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़त हासिल की है, हालांकि एक महीने के दौरान इसमें 9 फीसदी से अधिक की गिरावट भी आई है. साल 2026 में अब तक ये स्टॉक 60 फीसदी से ज्यादा भाग चुका है. वहीं बीते एक साल में इसने 65 फीसदी का रिटर्न दिया है. लंबी अवधि के निवेशकों के लिए भी ये फायदे का सौदा साबित हुआ है. तीन साल में ये शेयर 34 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है, जबकि पांच साल में इसने 156 फीसदी से अधिक का छप्परफाड़ रिटर्न दिया है.