Hathras Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए बहुचर्चित ‘ड्रम कांड’ और ‘सांप कांड’ जैसी ही एक और सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है. हाथरस के कुंवरपुर गांव निवासी गोपाल की हरियाणा के फरीदाबाद में बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि गोपाल की पत्नी काजल ने अपने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया. फरीदाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र समेत अन्य संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है.

जानकारी के मुताबिक, हाथरस की सदर कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी गोपाल फरीदाबाद की एक निजी फैक्ट्री में काम करता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात काजल से हुई थी और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था. दोनों की शादी को करीब 15 साल हो चुके थे. दंपत्ति के दो बेटे और एक बेटी हैं. इसके अलावा काजल की पहले पति से भी एक बेटी थी, जिससे गोपाल पर कुल चार बच्चों के पालनपोषण की जिम्मेदारी थी.
गांव के ही युवक से चल रहा था अफेयर, पति को पता चलते ही रची साजिश
अवैध संबंधों के चलते 15 साल पुराने रिश्ते का खूनी अंत हुआ. काजल का उसके पति के गांव कुंवरपुर के ही रहने वाले योगेंद्र नाम के युवक से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था. गोपाल को जब पत्नी और योगेंद्र के बीच चल रहे अवैध संबंधों की जानकारी हुई तो घर में विवाद शुरू हो गया. राज खुलने के बाद आरोपी काजल और उसके प्रेमी ने मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
15 अक्टूबर को फरीदाबाद पहुंचकर गर्दन पर चाकू से किया वार
15 अक्टूबर को काजल अपने प्रेमी योगेंद्र के साथ फरीदाबाद वाले कमरे पर पहुंची. यहां दोनों ने मिलकर गोपाल की गर्दन पर पैने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. बेटी के फोन करने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे के अंदर गोपाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला.
शुक्रवार रात गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
फरीदाबाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार रात जब गोपाल का शव उसके पैतृक गांव कुंवरपुर पहुंचा तो पूरे परिवार में चीखपुकार मच गई. स्थानीय फरीदाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर काजल और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी कानूनी पहलुओं की जांच कर सख्त कार्रवाई की जा रही है.