Bijnor watermelon poisoning: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शेरनगर नरैका गांव में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हालत अचानक बिगड़ गई. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक 22 साल की युवती ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके माता-पिता की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.

डॉ. जियाउल रहमान ने बाज़ार से लाया हुआ तरबूज अपनी पत्नी और बेटी मुस्कान के साथ खाया था. तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद तीनों को तेज़ बेचैनी, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी. जैसे-जैसे समय बीता, मुस्कान की हालत तेज़ी से बिगड़ने लगी. परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन बदकिस्मती से अस्पताल पहुंचने से पहले ही मुस्कान की मौत हो गई. मुस्कान का निकाह हाल ही में तय हुआ था, जिसके चलते घर में खुशियों का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया है.
Khabar Monkey
स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. डॉ. जियाउल रहमान और उनकी पत्नी को बिजनौर केक्षएक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मुस्कान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजन पीएम करवाने को राजी नहीं हुए.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. फिलहाल, इस बात की आशंका जताई जा रही है कि तरबूज में इस्तेमाल किए गए रसायनों या कीटनाशक (Pesticides) के कारण ‘फूड पॉइजनिंग’ हुई होगी.
क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे फल खरीदते समय सावधानी बरतें. अक्सर फलों को जल्दी पकाने या लाल दिखाने के लिए खतरनाक रसायनों का छिड़काव किया जाता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फल के सैंपल की भी जांच की जा सकती है.
सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में तरबूज का सेवन करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना अनिवार्य है. तरबूज काटने से पहले उसे कम से कम एक घंटे के लिए पानी में डुबोकर रखें. बहुत अधिक गहरे लाल या इंजेक्शन के निशान वाले तरबूज न खरीदें.
यदि फल खाने के बाद घबराहट या पेट में मरोड़ महसूस हो, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और लोग अब बाज़ार से फल खरीदने में डर महसूस कर रहे हैं. इससे पहले मुंबई में कुछ ऐसा ही मामसा सामने आया था, जहां तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी, और उनकी मौत हो गई थी.





