Unnao News: मेरठ के ब्लू ड्रम कांड के बाद अब उन्नाव का ‘बक्सा कांड’ चर्चा में है. यहां हाईवे किनारे एक लोहे के बक्से में बंद युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने CCTV और नंबर प्लेट पहचानने वाले NPR कैमरों की मदद से महज 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस के मुताबिक, युवक की हत्या उसकी पत्नी ने पड़ोसी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर की थी. आरोप है कि हत्या के बाद शव को घर में रखे बक्से में बंद किया गया और लोडर से ले जाकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया. पुलिस ने मृतक की पत्नी नेहा रावत समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

हाईवे किनारे बक्से में बंद मिला शव
मामला उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि रायबरेलीउन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के पास सड़क किनारे एक बक्सा पड़ा हुआ है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जब बक्सा खोलकर देखा गया तो उसके अंदर कंबल और कपड़ों के बीच एक युवक का शव मिला. शव बक्से में बंद होने की जानकारी सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और शव की पहचान करने के साथ ही हत्या के मामले की जांच शुरू कर दी गई.
ये भी पढे़ं
CCTV और NPR कैमरों से मिला सुराग
SP जयप्रकाश सिंह ने मामले का जल्द खुलासा करने के लिए पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की. जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और NPR कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी दौरान एक लोडर संदिग्ध नजर आया. पुलिस ने कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने और उसके मालिक तक पहुंचने की कोशिश की. लोडर मालिक राजेश गुप्ता से पूछताछ में पता चला कि कंचन नगर, गंगाघाट की रहने वाली नेहा रावत ने 1,200 रुपए में गाड़ी बुक की थी. उसने बताया था कि घर का सामान एक जगह से दूसरी जगह ले जाना है. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने नेहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पत्नी ने पड़ोसी के साथ मिलकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई. उसकी पत्नी नेहा रावत ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी करीब नौ साल पहले सोनू से हुई थी. समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा था. आरोप है कि सोनू शराब पीने का आदी हो गया था और पत्नी के साथ मारपीट करता था. नेहा का कहना है कि वह पति के व्यवहार से परेशान थी.
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पड़ोसी राहुल ने सोनू को शराब पिलाई थी. इसके बाद सोनू नशे की हालत में घर पहुंचा और गालीगलौज करने लगा. इसी दौरान विवाद बढ़ गया. आरोप है कि नेहा ने मसाला पीसने वाले सिलबट्टे से सोनू के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह नीचे गिर गया. इसके बाद राहुल ने सोनू का चेहरा कंबल से दबा दिया और तब तक दबाए रखा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई. इस मामले में राहुल के अलावा तौहीद की भूमिका भी सामने आई है.
बक्से में शव रखकर हाईवे किनारे छोड़ा
पुलिस की जांच के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने सोनू के शव को घर में रखे लोहे के बक्से में बंद कर दिया. इसके बाद लोडर की मदद से बक्से को हाईवे तक ले जाया गया और हेल्थ अस्पताल के पास सड़क किनारे छोड़ दिया गया. पुलिस ने इस मामले में नेहा रावत, राहुल और तौहीद को गिरफ्तार किया है.
SP जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी और NPR कैमरों की मदद से करीब 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा किया. इस कार्रवाई के लिए उन्होंने जांच टीम को 20 हजार रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.