Raveena Tandon 2024 Video Truth: बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन का करीब दो साल पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग एक्ट्रेस और उनके ड्राइवर पर एक महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी के आरोप लगाते दिखाई दिए थे. वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर खूब हंगामा मचा था और कई लोगों ने बिना पूरी सच्चाई जाने रवीना को निशाने पर लेना शुरू कर दिया था.

एक्ट्रेस रवीना टंडन ने अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उस रात क्या हुआ था, इसकी पूरी सच्चाई बताई है. उन्होंने कहा कि ये मामला जितना दिखाया गया था, असलियत उससे बिल्कुल अलग थी. रवीना के मुताबिक, कुछ लोग जानबूझकर विवाद खड़ा करना चाहते थे और पूरा मामला एक तरह की साजिश जैसा था. एक्ट्रेस ने बताया कि उस समय उनके घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी. उन्हीं फुटेज की वजह से सच्चाई सामने आई. रवीना ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो को अलग तरीके से दिखाने की कोशिश की गई, जबकि पुलिस जांच में मामला कुछ और निकला. उनके मुताबिक पुलिस ने भी इसे फिरौती और दबाव बनाने की कोशिश बताया था.
घर के अंदर घुसने की कोशिश
रवीना ने कहा कि उस रात माहौल काफी डरावना हो गया था. कुछ लोग उनके घर के बाहर इकट्ठा हो गए थे और अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे. उस वक्त उनके बच्चे भी घर में मौजूद थे, जबकि उनके पति घर पर नहीं थे. ऐसे में वो अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर काफी घबरा गई थीं.
Khabar Monkey
‘रेप का केस दर्ज कराएगी’
रवीना ने बताया कि उनका ड्राइवर बाहर मौजूद लोगों को रिकॉर्डिंग करने से रोक रहा था. इसी दौरान मामला और बिगड़ गया. रवीना ने कहा, ‘जब ड्राइवर ने एक महिला का फोन नीचे किया तो वो चिल्लाने लगी कि तुम मुझे छू कैसे सकते हो? मैं तुम्हारे खिलाफ रेप केस दर्ज कराउंगी. ये सुनकर मुझे बहुत डर लगा कि कहीं मेरा ड्राइवर किसी झूठे केस में न फंस जाए, इसलिए मैं खुद बाहर जाकर लोगों से बात करने पहुंच गई.’
ड्राइवर को मारने की दी धमकी
एक्ट्रेस ने बताया कि जैसे ही वो बाहर निकलीं, वहां करीब 30 लोगों की भीड़ जमा हो गई. हालात इतने खराब हो गए कि उनके ड्राइवर को उन्हें वापस अंदर ले जाना पड़ा. रवीना ने पुलिस को फोन किया, लेकिन तब तक भीड़ ड्राइवर के साथ मारपीट करने लगी थी. उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग उनके ड्राइवर को बाहर सौंपने की धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि नहीं दिया तो दूसरे दिन उसकी लाश मिलेगी.
एक्ट्रेस का फोन छीन लिया
रवीना टंडन ने बताया कि भीड़ से कुछ लोग उनके घर के अंदर तक घुसने की कोशिश करने लगे थे. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पुलिस बुलाने की बात कही तो उनका फोन छीन लिया गया. उन्होंने कहा, ‘एक आदमी तो मेरे घर के अंदर घुस आया था. मैंने उसकी शर्ट पकड़कर उसे बाहर धक्का देकर निकाला. वहां मैं और मेरी 2 घरेलू हेल्पर करीब 30 लोगों का सामना कर रहे थे. ये पूरी तरह डरा देने वाली स्थिति थी.’
सोशल मीडिया पर उठाए सवाल
रवीना टंडन ने इस पूरे मामले को बताते हुए सोशल मीडिया ट्रायल पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आजकल लोग किसी भी वायरल वीडियो को देखकर तुरंत फैसला सुना देते हैं, जबकि असली सच कई बार बिल्कुल अलग होता है. एक्ट्रेस ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी को गलत ठहराना सही नहीं है और सोशल मीडिया पर फैली आधी-अधूरी बातें किसी की जिंदगी पर बुरा असर डाल सकती हैं.





