
मधेपुरा। जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की अलसुबह 17 वर्षीया एक किशोरी का हाथ पैर बांधकर उसके प्रेमी के घर के समीप ले जाकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। पिता और भाई के द्वारा बगल के एक ट्रैक्टर से डीजल निकालकर किशोरी के शरीर पर छिड़का गया। फिर हाथ पैर बांधकर प्रेमी के घर के समीप ले जाकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। इस दौरान किशोरी की नानी भी मौजूद रही। किशोरी की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जुटे ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
बाथरूम को अंदर से बंद कर आग लगा ली
मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाना ले गई। इस बीच दोपहर को वह बाथरूम चली गई। बाथरूम को अंदर से बंद कर खुद को आग लगा ली। बाहर खड़ी महिला पुलिसकर्मियों ने शोर मचाने पर दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और कंबल से लपेटकर जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद 35-40 प्रतिशत जले होने के कारण तत्काल उसे रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार हालत खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस का कहना है कि पिता-भाई से किशोरी की जान को खतरा है, इस वजह से पुलिस अभिरक्षा में पूर्णिया या दरभंगा स्थिति उपचार के लिए ले जाया जा रहा है। महिला थाना में 28 जनवरी को वासु यादव उर्फ सत्येन्द्र यादव का पुत्र प्रेमी रोशन कुमार और उसके दो दोस्तों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कराया गया था। जिसमें किशोरी द्वारा बताया गया था कि 24 जनवरी की रात उसके प्रेमी शादी की बात कह कर घर से भगा ले गया फिर सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के पटोरी स्थित बांसबिट्टी में अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपित प्रेमी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
न्यायालय में बयान से मुकर चुकी है पीड़िता
प्रेमी और उसके दोस्तों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की बात पुलिस की जांच में झूठी निकली। पुलिस के अनुसार इस केस में न्यायालय में जब पीड़िता का बयान कराया गया तो वह मुकर गई। पुलिस के समक्ष और न्यायालय में भी पीड़िता ने बताया कि पिता और भाई के दबाव में आकर उसने केस दर्ज कराई थी। हालांकि इस केस में प्रेमी अभी जेल में बंद है।
आरोपित रोशन कुमार को जमानत मिलने की सूचना से घबरा गया था पिता-भाई
सोमवार को उपचार के दौरान पुलिस के समक्ष दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि एक तो न्यायालय में सही बयान देने से पिता और भाई क्रोधित हो गया था। दूसरा उसके प्रेमी को जमानत मिलने की बात फैल गई थी। इसी के चलते रविवार की देर रात पिता और भाई ने शरीर पर डीजल उड़ेल दिया और हाथ पैर बांधकर प्रेमी रोशन कुमार के घर के समीप हत्या करने की साजिश रची।
मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसके घर के समीप ले जाकर जिंदा जला रहा था। ताकि रोशन और उसके परिवार वालों को बुरी तरह से फंसा दिया जाय। ग्रामीणों के जाग जाने के कारण पुलिस तुरंत पहुंच गई। थाना लाए जाने के बाद भी उसे पिता और भाई से डर लग रहा था इसलिए उसने बाथरूम में माचिस देखा तो खुद को आग लगाकर मर जाने की ठान ली।
दो साल पूर्व भी हत्या का किया गया था प्रयास
ग्रामीणों के अनुसार परिवार वालों ने उक्त किशोरी की हत्या का प्रयास दो वर्ष पूर्व भी की थी। उस समय भी काफी हंगामा हुआ था। मामला पुलिस तक भी पहंचा था लेकिन आपसी विवाद की बात कह कर तत्काल इस पर पर्दा डाल दिया गया था। पिता और भाई ने नाबालिग लड़की की हत्या का प्रयास किया है। घटनास्थल से डीजल का गंध वाला मिटटी जब्त किया गया है। जिस वाहन से डीजल से निकाला गया है उसकी भी तस्वीर कराई गई है। पिता और भाई दोनों फरार है, दोनों के खिलाफ आनर किलिंग के प्रयास का केस दर्ज किया जाएगा। पीड़िता नाबालिग है, इस वजह से घर के किसी अन्य व्यस्क सदस्य अगर आवेदन देते हैं तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अन्यथा पुलिस अपने बयान प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करेगी।- संदीप सिंह, एसपी।





