
Man Urinates Inside Delhi Metro Lift: दिल्ली मेट्रो से जुड़े वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहते हैं. कभी मेट्रो के अंदर कोई डांस करता है, तो कभी लड़ाई होती है और कभी लोग अजीब हरकतें करते हैं. लेकिन इस बार कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन से सामने आया एक वीडियो लोगों के बीच बहस का बड़ा मुद्दा बन गया. वीडियो में एक महिला लिफ्ट के अंदर मौजूद एक बुजुर्ग यात्री पर पेशाब करने का आरोप लगाती दिखाई देती है. देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट पर फैल गया और लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. हालांकि बाद में मामले की पूरी जानकारी सामने आई, तो कहानी का दूसरा पहलू भी लोगों के सामने आया.
कालकाजी मंदिर स्टेशन पर शुरू हुई बहस
वायरल वीडियो में एक महिला बुजुर्ग व्यक्ति से नाराज दिखाई देती है. महिला का आरोप था कि व्यक्ति ने मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट के अंदर पेशाब कर दिया. महिला वीडियो में कह रही है कि जब यह घटना हुई, तब लिफ्ट में दो लड़कियों के साथ एक लड़का भी मौजूद था. वीडियो में दोनों के बीच बहस भी सुनाई देती है. जब महिला बुजुर्ग शख्स से पूछती है कि आपने ऐसा क्यों किया, तो वह कहते हैं, ‘जो करना है कर लो’. उसके बाद आगे महिला कहती है कि क्या यह गलती नहीं थी, तो बुजुर्ग शख्स कहता है, ‘हां तो सॉरी’. यह एक लाइन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. वीडियो देखने के बाद लोगों ने सार्वजनिक जगहों पर व्यवहार और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
सोशल मीडिया पर बंट गई लोगों की राय
वीडियो वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में लोगों की भीड़ लग गई. कुछ लोगों ने बुजुर्ग की हरकत को गलत बताया और कहा कि सार्वजनिक जगहों पर ऐसी चीजें बिल्कुल स्वीकार नहीं की जानी चाहिए. वहीं, कुछ लोगों ने बिना पूरी बात जाने किसी को दोष देने पर सवाल उठाए. कई यूजर्स का कहना था कि हो सकता है कोई मजबूरी रही हो. इसी बीच मामला बढ़ने लगा और लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग भी शुरू कर दी.
फिर सामने आई घटना की असली वजह
मामले ने तूल पकड़ा, तो दिल्ली पुलिस ने भी इस पर सफाई दी. अधिकारियों के मुताबिक, घटना 15 मई की रात करीब 9:40 बजे की बताई गई. जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग यात्री जामिया से फरीदाबाद की ओर जा रहे थे. कालकाजी मंदिर स्टेशन पर ट्रेन बदलने के दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई. पुलिस के अनुसार, व्यक्ति ने शौचालय ढूंढने की कोशिश की, लेकिन समय पर वह वहां तक नहीं पहुंच सके. हालत ऐसी हो गई कि उन्हें मजबूरी में लिफ्ट के अंदर बोतल का इस्तेमाल करना पड़ा.
मेट्रो कर्मचारियों को दी गई जानकारी
घटना के बाद वहां मौजूद यात्रियों ने तुरंत मेट्रो स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दी. इसके बाद पूरे मामले की जांच की गई. दिल्ली पुलिस ने बताया कि नियमों के तहत बुजुर्ग यात्री पर सार्वजनिक उपद्रव करने के आरोप में जुर्माना भी लगाया गया. मेट्रो नियमों के मुताबिक, परिसर में ऐसा कोई भी काम, जिससे सफाई व्यवस्था और यात्रियों को परेशानी हो, उस पर कार्रवाई की जा सकती है.
वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
यह घटना सिर्फ एक वायरल वीडियो बनकर नहीं रह गई, बल्कि इसने लोगों के बीच एक बड़ी चर्चा भी शुरू कर दी. एक तरफ सार्वजनिक जगहों पर नियमों का पालन जरूरी है, तो दूसरी ओर अचानक आई मेडिकल परेशानी जैसी स्थितियों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा में बना हुआ है. कुछ लोग इसे अनुशासन से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि किसी की मजबूरी समझना भी उतना ही जरूरी है. लोग कह रहे हैं कि कई बार सोशल मीडिया पर दिखने वाली तस्वीर पूरी कहानी नहीं बताती.





