बाल धोए, एंटीडैंड्रफ शैंपू लगाया और कुछ दिन तक स्कैल्प बिल्कुल साफ रहा. फिर अचानक कंधों पर सफेद परतें दिखने लगीं, सिर में खुजली शुरू हुई और वही डैंड्रफ वापस आ गया. यही वजह है कि बहुत से लोग परेशान होकर पूछते हैं. जब डैंड्रफ ठीक हो गया था तो फिर लौट कैसे आता है? दरअसल, डैंड्रफ हर व्यक्ति के लिए एक जैसी समस्या नहीं है. कुछ लोगों में यह कभीकभार होता है, जबकि कुछ लोगों को इससे बारबार जूझना पड़ता है.

डर्मेटोलॉजी डॉ. मनीष जांगड़ा के अनुसार, डैंड्रफ कई लोगों में क्रॉनिक यानी लंबे समय तक बनी रहने वाली समस्या हो सकती है. ऐसे मामलों में इसे हमेशा के लिए खत्म करने के बजाय लंबे समय तक कंट्रोल में रखने पर ध्यान दिया जाता है.
क्या कहते हैं डॉक्टर
डॉ. मनीष जांगड़ा बताते हैं कि हमारी स्कैल्प में छोटीछोटी सेबेशियस ग्लैंड्स होती हैं, जो सीबम नाम का प्राकृतिक तेल बनाती हैं. कुछ लोगों में ये ग्लैंड्स ज्यादा सक्रिय हो सकती हैं और स्कैल्प ज्यादा ऑयली रहती है. स्कैल्प का ये तेल Malassezia नाम के यीस्ट के बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल बना सकता है. यह यीस्ट सामान्य रूप से इंसानों की त्वचा पर पाया जा सकता है, लेकिन कुछ लोगों में इसके साथ स्कैल्प की प्रतिक्रिया बढ़ने लगती है. नतीजा स्कैल्प की कोशिकाएं तेजी से झड़ने लगती हैं और वे सफेद या पीले फ्लेक्स के रूप में दिखाई देने लगती हैं.
यही कारण है कि एक ही घर में रहने वाले दो लोगों में से एक को बारबार डैंड्रफ हो सकता है, जबकि दूसरे को नहीं. सिर्फ शैंपू करना नहीं, सही तरीके से स्कैल्प साफ करना भी जरूरी
अच्छी तरह बाल धोना जरूरी
कई बार समस्या तब बढ़ती है, जब लोग बाल तो धोते हैं लेकिन स्कैल्प की सफाई पर्याप्त नहीं होती. तेल, मृत त्वचा कोशिकाएं और दूसरी गंदगी धीरेधीरे स्कैल्प पर जमा होने लगती है. डॉ. जांगड़ा के मुताबिक, पर्याप्त सफाई न होने पर डेड सेल्स और डेब्रिस स्कैल्प पर इकट्ठा हो सकते हैं, जिससे फ्लेकिंग ज्यादा नजर आने लगती है. बाहर की धूलमिट्टी और पसीना भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं.
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि रोज कई बार सिर धोया जाए. जरूरत से ज्यादा या गलत शैंपू का इस्तेमाल भी स्कैल्प को परेशान कर सकता है. इसलिए हेयर वॉश की फ्रीक्वेंसी व्यक्ति की स्कैल्प और बालों की जरूरत के हिसाब से होनी चाहिए.
शैंपू छोड़ते ही फिर लौट सकता है डैंड्रफ
ये डैंड्रफ से जुड़ी सबसे बड़ी चुनौती है. अगर किसी व्यक्ति की स्कैल्प स्वाभाविक रूप से ज्यादा ऑयली है या उसे बारबार डैंड्रफ होने की प्रवृत्ति है, तो सिर्फ कुछ दिनों के इलाज के बाद समस्या पूरी तरह खत्म नहीं मानी जा सकती. एंटीडैंड्रफ शैंपू और सही स्कैल्प केयर से फ्लेक्स और खुजली को कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन कई लोगों को बाद में मेंटेनेंस रूटीन की जरूरत पड़ सकती है.