Bengal Police: बंगाल में शुभेंदु सरकार आते ही टीएमसी के बुरे दिन आ गए हैं. सत्ता बदले हुए अभी कुछ ही दिन बीते हैं कि आज ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर बंगाल पुलिस पहुंच गई है, बताया जा रहा कि 7 दिन पहले ही कोलकाता नगर निगम ने अभिषेक को नोटिस दिया था. उसके बाद अब पुलिस घर पहुंची है. जानकारी के मुताबिक पुलिस अभिषेक के घर से कुछ सामान ले गई है.

सिक्योरिटी से जुड़े सामान ले गई पुलिस
आज दोपहर पुलिस उनके घर पर पहुंची. बताया जा रहा कि पुलिस उनके घर से स्कैनर, स्क्रीन और केबल लेकर चली गई है. शुरआती जानकारी के मुताबिक अभिषेक को जेड प्लस सिक्योरिटी जब मिली थी, तब उनके घर सुरक्षा के मद्देनजर कई जरूरी उपकरण लगे थे. आज पुलिस उन्हें ही लेने गई थी.
Khabar Monkey
बताया जा रहा कि टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को अवैध अतिक्रमण को लेकर कोलकाता नगर निगम ने 7 दिन पहले एक नोटिस दिया था. उसका अब तक जवाब भी नहीं दिया गया. अब बंगाल पुलिस 188-A हरीश मुखर्जी रोड पर स्थिति अभिषेक बनर्जी के घर शांति निकेतन पुलिस पहुंच गई.
9 मई के बाद से उलटी गिनती शुरू!
इस बार हुए विधानसभा चुनाव में टीएमसी को करारी हार मिली थी. 4 मई को आए चुनाव परिणाम में बीजेपी ने राज्य में प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए सरकार बनाई है. बीजेपी ने पहली बार 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई. ममता बनर्जी अपनी परंपरागट सीट भवानीपुर से भी हार गईं. 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली थी. सीएम बनते ही उन्होंने कहा था कि ममता राज में जो भी भ्रष्टाचार हुए हैं, वे उसकी जांच कराएंगे. अब इस छापे को उसी से जोड़ कर देखा जा रहा है. माना जा रहा कि आने वाले दिनों में ममता और अभिषेक की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
ममता से ज्यादा अभिषेक क्यों हैं बीजेपी के निशाने पर?
चुनाव के दौरान भी बीजेपी ममता से ज्यादा उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमलावर थी. अब सत्ता में आते ही अभिषेक निशाने पर हैं. शुभेंदु ने सीएम बनते ही अभिषेक की जेड+ सिक्योरिटी हटा दी है. वहीं उनके ऑफिस के बाहर तैनात जवानों को भी हटा लिया गया है. इसके साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में अभिषेक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.





